RBI ने घटाई ब्याज दरें 
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को 2012-13 की तीसरी तिमाही की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर और नकद आरक्षी अनुपात (सीआरआर) में 25 आधार अंकों की कटौती की। बैंक ने इसके साथ ही देश की विकास दर का अनुमान और महंगाई दर का अनुमान भी घटा दिया है। लंबे इंतजार के बाद हुई इस कटौती के बाद ताजा रेपो दर 7.75 फीसदी हो गई। इससे पहले रिजर्व बैंक ने अप्रैल 2012 में रेपो और रिवर्स रेपो दर में 50 आधार अंकों की कटौती की थी। ब्याज दरों के घटने के बाद होम, ऑटो लोन में कमी की उम्मीद बनी है। गौर हो कि रिजर्व बैंक ने नौ महीने के बाद ब्याज दरें घटाई हैं।