‘भारत पाक संबंधों में सुधार से बढ़ी क्षेत्रीय स्थिरता’

अमेरिका और पाकिस्तान ने कहा है कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच संबंधों में सुधार से क्षेत्रीय स्थिरता और समृद्धि की संभावनाएं बढ़ी हैं।

वॉशिंगटन : अमेरिका और पाकिस्तान ने कहा है कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच संबंधों में सुधार से क्षेत्रीय स्थिरता और समृद्धि की संभावनाएं बढ़ी हैं। सोमवार को यहां संपन्न अमेरिका पाक रणनीतिक वार्ता के बाद जारी एक संयुक्त बयान में अमेरिकी विदेश मंत्री और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच संबंधों में उल्लेखनीय सुधार की बात स्वीकार की।
संयुक्त बयान में कहा गया है कि केरी और अजीज ने पाकिस्तान और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों में सुधार से स्थिरता और समृद्धि के लिए संभावना की बात स्वीकारी। संबंधों में सुधार से सीमा के दोनों ओर के नागरिकों को लाभ होगा। आगे बयान में कहा गया है ‘संबंधों में सुधार के लिए पाकिस्तान और भारत द्वारा उठाए गए कदमों सहित शांतिपूर्ण पड़ोस के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की दूरदर्शिता और क्षेत्र के लोगों के आर्थिक विकास के लिए प्रयासों का अमेरिका स्वागत करता है।’
अमेरिका के साथ वार्ता के लिए अजीज एक उच्च स्तरीय पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। मंगलवार को उनकी मुलाकात व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुजैन राइस के साथ तय है। दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान में सुलह सहमति की प्रक्रिया के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। सुलह सहमति की प्रक्रिया को उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। केरी और अजीज ने इस बात पर जोर दिया कि एक शांतिपूर्ण, स्थिर, स्वतंत्र और एकीकृत अफगानिस्तान क्षेत्र के हित में है। दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान में हस्तक्षेप न करने की नीति के लिए अपने समर्थन पर बल दिया और कहा कि अफगान नीत शांति एवं सुलह सहमति की प्रक्रिया निश्चित रूप से हिंसा खत्म करने और क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने का रास्ता है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.