शंघाई में पुल, इमारत ढहने से 13 लोगों की मौत

दक्षिण चीन में एक निर्माणाधीन पुल के ढहने और पूर्वी चीन में पुरानी रिहायशी इमारत के गिर जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई।

बीजिंग : दक्षिण चीन में एक निर्माणाधीन पुल के ढहने और पूर्वी चीन में पुरानी रिहायशी इमारत के गिर जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया दक्षिण चीन के गुआंगदोंग प्रांत में एक निर्माणाधीन पुल ढह गया जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई।
एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि गाओझोउ सिटी के लियांगकेंगकोउ गांव में पत्थर का एक मेहराब पुल बनाया जा रहा था। वह कल ढह गया। अधिकारी ने बताया कि बचावकर्ताओं ने मलबे से 27 लोगों को निकाला। उनमें से पांच की मौत हो चुकी थी। आठ लोगों की हालत गंभीर थी।
चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट में बताया गया है कि गंभीर रूप से घायलों में से छह की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि पुल के निर्माण का कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। गांव खुद ही उसका निर्माण कर रहा था। स्थानीय प्रशासन ने अप्रैल में परियोजना बंद करने के आदेश दिए थे, लेकिन मई दिवस की छुट्टी के दौरान गुपचुप इसका निर्माण फिर से शुरू कर दिया गया। पुल का ठेकेदार पुलिस हिरासत में है।
एक अन्य घटना में शंघाई शहर में एक पुराने रिहायशी मकान के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार हादसा आज सुबह होंगकोउ इलाके में 4 बजकर 47 मिनट पर हुआ। पांच लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है। राहत कार्य जारी हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.