जिलानी ने ली पाक के मुख्य न्यायाधीश की शपथ
Advertisement

जिलानी ने ली पाक के मुख्य न्यायाधीश की शपथ

न्यायमूर्ति तस्सादुक हुसैन जिलानी ने गुरुवार को पाकिस्तान के 21वें नये मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। जिलानी ने बुधवार को सेवानिवृत्त हुए न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी की जगह ली है।

इस्लामाबाद : न्यायमूर्ति तस्सादुक हुसैन जिलानी ने गुरुवार को पाकिस्तान के 21वें नये मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। जिलानी ने बुधवार को सेवानिवृत्त हुए न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी की जगह ली है। एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (एपीपी) की रपट के मुताबिक, यहां प्रेसीडेंसी में राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने जिलानी को पद की शपथ दिलाई।
एपीपी के मुताबिक, समारोह में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और पूर्व मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी भी मौजूद थे। जिलानी ने सबसे लंबी अवधि तक पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहे न्यायमूर्ति इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी का कार्यभार संभाला है। चौधरी बुधवार को ही सेवानिवृत्त हुए हैं।
सर्वोच्च न्यायालय से उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार, जिलानी का जन्म 6 जुलाई, 1949 को हुआ। वे लाहौर के फोरमैन क्रिश्चियन कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर हैं। लाहौर स्थित पंजाब विश्वविद्यालय से एल.एल.बी. की। उन्होंने लंदन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड लीगल स्ट्डीज से संवैधानिक कानून में कोर्स किया।
उन्होंने 1974 में पंजाब की मुल्तान जिला अदालतों में प्रैक्ट्सि शुरू की और 1976 में पंजाब उच्च न्यायालय के एक वकील के रूप में दाखिला लिया। न्यायमूर्ति जिलानी को 12 अक्टूबर, 2007 को अमेरिकी शहर के महापौर द्वारा `की ऑफ द सिटी ऑफ डेट्रायट (मिशीगन)` के रूप में सम्मानित किया गया था। (एजेंसी)

Trending news