जॉन केरी की यात्रा से पहले भारत जाएंगे शीर्ष अमेरिकी राजनयिक

भारत अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता से पूर्व एक शीर्ष अमेरिकी राजनयिक इस हफ्ते भारत की यात्रा पर जाएंगे। अमेरिकी राजनयिक की यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता की तैयारियों का हिस्सा है।

जॉन केरी की यात्रा से पहले भारत जाएंगे शीर्ष अमेरिकी राजनयिक

वाशिंगटन : भारत अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता से पूर्व एक शीर्ष अमेरिकी राजनयिक इस हफ्ते भारत की यात्रा पर जाएंगे। अमेरिकी राजनयिक की यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता की तैयारियों का हिस्सा है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक उप विदेश मंत्री विलियम जे बर्न्‍स अमेरिका-भारत रणनीतिक वार्ता से पूर्व 10 जुलाई को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आएंगे। मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि वह वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों के साथ आर्थिक, ऊर्जा और सुरक्षा सहयोग सहित कई द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे।

बयान के अनुसार, भारत में नई सरकार बनने के बाद अमेरिका की तरफ से किसी उच्च स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी की यह पहली यात्रा होगी। उच्च स्तरीय प्रशासनिक आधिकारिक यात्रा के तहत भारत जा रहे उप विदेश मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत तथा गहरा बनाने का एक अवसर प्रदान करेगा।

अमेरिकी सीनेटर जॉन मैक्केन 2-3 जुलाई को भारत गए थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत में भारत-अमेरिका रणनीतिक सहयोग को नयी उर्जा प्रदान करने के लिए अमेरिका की उनके साथ काम करने की इच्छा जताई। बर्न की नयी दिल्ली की यह यात्रा अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी के भारत दौरे से पहले हो रही है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.