भारत-पाक वार्ता : 26/11 मुंबई हमले पर नतीजा गोलमोल

भारत-पाक वार्ता में मुंबई हमलों के षड्यंत्रकारियों को शीघ्रता से न्याय की जद में लाने की भारत की मांग पर कोई विशेष प्रगति नहीं हुई। इस मसले पर नतीजा गोलमोल ही रहा।

इस्लामाबाद : भारत-पाक वार्ता के पहले ठोस परिणाम के तहत दोनों देशों ने आज यात्रा पर लगे प्रतिबंधों को बहुत हद तक सरल करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के संबंध में समझौतों पर हस्ताक्षर किया। लेकिन इस वार्ता में मुंबई हमलों के षड्यंत्रकारियों को शीघ्रता से न्याय की जद में लाने की भारत की मांग पर कोई विशेष प्रगति नहीं हुई।
दोनों देशों के बीच नए वीजा समझौते पर हस्ताक्षर के बाद पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार और विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों पक्ष संबंधों को सामान्य बनाने के लिए भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने पर राजी हो गए हैं। दोनों वर्ष 2008 के मुंबई हमलों के षड्यंत्रकारियों को शीघ्रता से न्याय की जद में लाने की जरूरत पर भी सहमत हुए। मुंबई हमले के मामले में इस्लामाबाद अपने पुराने रूख पर कायम रहा और विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत मुंबई हमलों में शामिल लोगों को न्याय के जद में लाने की बात कही।
दूसरी ओर भारत ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पाकिस्तान दौरे के बारे में कोई आश्वासन नहीं दिया। इस मामले में कृष्णा ने ठोस वादा करने से इंकार करते हुए कहा कि इसके लिए उपयुक्त वातावरण होना चाहिए और ऐसी यात्राओं से कुछ ‘ठोस’ चीजें निकलकर आनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनमोहन सिंह पाकिस्तान की यात्रा पर आने से बच नहीं रहे हैं और उन्होंने इसके लिए कभी कोई शर्त नहीं रखी।
खार और कृष्णा ने कहा कि भारत और पाकिस्तान अपने रिश्तों को सामान्य बनाने के लिए भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने पर राजी हो गए हैं। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और उनकी पाकिस्तानी समकक्ष हिना रब्बानी खार ने दोनों देशों के भविष्य पर निगाहें रखने की जरूरत और अतीत का बंधक नहीं बने रहने पर जोर दिया। कृष्णा ने कहा, ‘पाकिस्तानी पक्ष ने मुंबई हमले के सभी षड्यंत्रकारियों को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत शीघ्रता से न्याय की जद में लाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।’
खार के साथ अपनी वार्ता को ‘सौहार्द्रपूर्ण, स्पष्ट और सकारात्मक’ बताते हुए कृष्णा ने कहा कि नई दिल्ली में अगले साल होने वाली दोनों विदेश मंत्रियों की अगली बैठक से पहले विदेश सचिव फिर बहाल हुई वार्ता प्रक्रिया के आठ क्षेत्रों पर बातचीत करेंगे।’ इस बीच खार ने कहा कि भारत को अतीत का बोझ उतार कर जिन बातों पर सहमति बनी है, उन पर आगे बढ़ना चाहिए क्योंकि भारत-पाक रिश्तों को सामान्य करने की बहुत संभावना है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.