देश की सुरक्षा से खेल रही है कांग्रेस : भाजपा
Advertisement

देश की सुरक्षा से खेल रही है कांग्रेस : भाजपा

कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद के एक विवादास्पद ट्वीट ने रविवार को राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया और इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नाराजगी भरी प्रतिक्रिया जाहिर की।

नई दिल्ली : कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद के एक विवादास्पद ट्वीट ने रविवार को राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया और इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नाराजगी भरी प्रतिक्रिया जाहिर की। अहमद ने लिखा है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन `इंडियन मुजाहिदीन` का गठन गुजरात दंगों के बाद हुआ।
अहमद ने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर अपने पोस्ट में लिखा है, `एनआईए ने अपने आरोपपत्र में कहा है कि इंडियन मुजाहिदीन का गठन गुजरात दंगों (2002) के बाद हुआ। लेकिन इसके बावजूद भाजपा और आरएसएस अपनी सांप्रदायिक राजनीति नहीं छोड़ रही है।` इस पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को देश की सुरक्षा के साथ नहीं खेलने की चेतावनी दी है।
भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने कहा, `मैं कांग्रेस से राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं करने का आग्रह कर रहा हूं। मैं नहीं जानता कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने क्या कहा है। मैं समझता हूं कि देश की सुरक्षा को खतरा कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।` भाजपा की एक अन्य वरिष्ठ नेता मीनाक्षी लेखी ने ट्वीट किया है, `शकील अहमद यह साबित करने का प्रयास करते दिख रहे हैं कि आईएम अपने लक्ष्य की पूर्ति कर रहा है और वे उसके प्रति सहानुभूति व्यक्त कर रहे हैं।`
भाजपा नेता एम. वेंकैया नायडू ने भी आरोपों को खारिज करते हुए अहमद से आतंकवादियों के पक्ष में तर्क देना बंद करने के लिए कहा है। नायडू ने कहा, `इस तरह के मूर्खतापूर्ण दलील का मतलब क्या है। यह कुछ लोगों की आदत बन गई है। ये संगठन शुरू से ही मौजूद हैं।` नायडू ने आगे कहा, `पाकिस्तान आतंकवादियों को सहयोग, बढ़ावा, आर्थिक मदद और प्रशिक्षण दे रहा है। आईएम और ऐसे अन्य संगठनों के पक्ष में तर्क नहीं दें। कुछ लोग ऐसे संगठनों के उदय के लिए मुंबई दंगों को कसूरवार ठहराते हैं तो कुछ लोग गुजरात दंगों को।`
एनआईए ने बुधवार को दिल्ली की एक अदालत में इंडियन मुजाहिदीन के पांच संदिग्धों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है जिसमें उनके ऊपर देश में आतंकवादी हमले के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। (एजेंसी)

Trending news