गांधी की सबसे ऊंची प्रतिमा का पटना में अनावरण

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 70 फुट की विश्व की सबसे ऊंची 10 करोड़ की लागत से बनी कांस्य प्रतिमा का बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज अनावरण किया गया।

पटना : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 70 फुट की विश्व की सबसे ऊंची 10 करोड़ की लागत से बनी कांस्य प्रतिमा का बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 30 फुट के आधार वाली और 40 फुट की ऊंचाई वाली इस प्रतिमा का एक समारोह में अनावरण किया। बिहार के भवन निर्माण विभाग ने इस प्रतिमा का निर्माण कराया है।
इससे पहले गांधी जी की अब तक की सबसे उंची 16 फुट की प्रतिमा दिल्ली में संसद भवन परिसर में स्थित है। पटना में कांस्य से बनी इस प्रतिमा का निर्माण रामसुतार फाइन आर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया है जो प्रख्यात मूर्तिकार रामसुतार की कंपनी है। रामसुतार के पुत्र अनिल रामसुतार ने बताया, ‘सात करोड़ की लागत से इस प्रतिमा का निर्माण किया गया है।’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘महात्मा गांधी की इस प्रतिमा का निर्माण विशेष रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए कराया गया है ताकि वह गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेती रहे। चारों ओर जो पट्टिकाएं लगाई गई है ये गांधी जी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई को उजागर करते हैं। गांधी मैदान में इसे देखने के लिए आने वाले लोगों का लोकशिक्षण होगा।’
उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा के नीचे लगी पटिटकाओं में चंपारण सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन (1942) और नमक सत्याग्रह (1930) को प्रकट किया गया है। यह प्रतिमा आजादी की लड़ाई के बारे में बुनियादी बातों से भी अवगत कराएगा। इसकी जानकारियां यहां दी गई है। गांधी जी ने जो बात कही थी उसे इसमें समाहित किया गया है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.