अगले तीन साल तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी हॉकी इंडिया
Advertisement

अगले तीन साल तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी हॉकी इंडिया

हॉकी इंडिया और हॉकी ऑस्ट्रेलिया ने आज द्विपक्षीय करार पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत भारतीय पुरूष हाकी टीम 2016 से 2018 तक प्रत्येक साल आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया और हॉकी ऑस्ट्रेलिया ने आज द्विपक्षीय करार पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत भारतीय पुरूष हाकी टीम 2016 से 2018 तक प्रत्येक साल आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।

दोनों महासंघों के बीच हुए समझौते के मुताबिक हॉकी ऑस्ट्रेलिया हॉकी इंडिया लीग के अगले तीन सत्र के लिए अपने राष्ट्रीय खिलाड़ियों को रिलीज करेगा। इसमें 2016 का सत्र भी शामिल है जो रियो ओलंपिक से छह महीने पहले होगा।

हॉकी इंडिया की सीईओ एलेना नोर्मन और हॉकी ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी कैम वेल ने आज यहां मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हाकी इंडिया लीग के सेमीफाइनल के इतर इस करार पर हस्ताक्षर किए।

इस करार के अनुसार भारत आगामी तीन साल में छह मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलिया का दौरा करेगा। यह समझौता सिर्फ पुरूष टीम तक ही सीमित नहीं होगा क्योंकि दोनों महासंघ महिला टीमों को भी इस करार में शामिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

वेल ने कहा, ‘आस्ट्रेलियाई हाकी के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। यह इंतजाम आस्ट्रेलियाई हाकी टीम के लिए शीर्ष स्तरीय प्रतियोगिताओं का कैलेंडर तैयार करने की हमारी प्रतिबद्धता की ओर उठाया पहला कदम है।’ नोर्मन का मानना है कि इससे दोनों देशों को फायदा होगा।

Trending news