आईपीएल-9 : फिर चमका रोहित का बल्ला, मुंबई की पुणे पर आसान जीत
Advertisement

आईपीएल-9 : फिर चमका रोहित का बल्ला, मुंबई की पुणे पर आसान जीत

आखिरी 12 ओवरों की कसी हुई गेंदबाजी और बाद में कप्तान रोहित शर्मा के आईपीएल के वर्तमान सत्र में लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार पांचवें अर्धशतक की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने रविवार को यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को आठ विकेट से हराकर अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। स्टीवन स्मिथ (23 गेंदों पर 45 रन) और सौरभ तिवारी (45 गेंदों पर 57 रन) के बीच 7.3 ओवर में 84 रन की धमाकेदार साझेदारी से राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने अच्छी शुरुआत की थी। 

आईपीएल-9 : फिर चमका रोहित का बल्ला, मुंबई की पुणे पर आसान जीत

पुणे : आखिरी 12 ओवरों की कसी हुई गेंदबाजी और बाद में कप्तान रोहित शर्मा के आईपीएल के वर्तमान सत्र में लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार पांचवें अर्धशतक की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने रविवार को यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को आठ विकेट से हराकर अंकतालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। स्टीवन स्मिथ (23 गेंदों पर 45 रन) और सौरभ तिवारी (45 गेंदों पर 57 रन) के बीच 7.3 ओवर में 84 रन की धमाकेदार साझेदारी से राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने अच्छी शुरुआत की थी। 

मुंबई के गेंदबाजों ने इसके बाद शानदार वापसी करके पुणे को आखिर में पांच विकेट पर 159 रन ही बनाने दिये। इसके बाद रोहित के बल्ले ने रन उगले। मुंबई इंडियन्स के कप्तान ने 60 गेंदों पर नाबाद 85 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उन्होंने इस बीच पार्थिव पटेल (21) के साथ पहले विकेट के लिये 39, अंबाती रायुडु (22) के साथ दूसरे विकेट के लिये 52 और जोस बटलर (नाबाद 27) के साथ तीसरे विकेट के लिये 6.5 ओवर में 70 रन की तीन उपयोगी साझदारियां की जिससे मुंबई ने 18.3 ओवर में दो विकेट पर 161 रन बनाकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। 

मुंबई के अब नौ मैच में दस अंक हो गये हैं और वह गुजरात लायन्स के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पुणे सुपरजाइंट्स की यह आठ मैच में छठी हार है और उसके लिये अब आगे की राह बेहद मुश्किल है। पुणे के आठ मैचों में केवल चार अंक हैं। पुणे का स्कोर पहले आठ ओवर के बाद एक विकेट पर 84 रन था लेकिन इसके बाद अगले आठ ओवरों में केवल 40 रन बने। आलम यह था कि आखिरी 12 ओवरों में केवल तीन चौके और एक छक्का पड़ा। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (24 गेंदों पर 24 रन) भी रन बनाने के लिये जूझते रहे। 

रोहित ने जिस तरह से शुरू से बल्लेबाजी की उससे लग रहा था कि जैसे वह कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नाबाद 68 रन की अपनी पिछली पारी को ही आगे बढ़ाने के लिये उतरे हैं। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में ही तिसारा परेरा ने पर दो चौके और एक छक्का लगाकर अपने इरादे जतला दिये थे। पार्थिव ने भी अशोक डिंडा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमाने से पहले इसी गेंदबाज पर लगातार तीन चौके लगाये। रोहित ने इसके बाद रायुडु के साथ मिलकर स्ट्राइक रोटेट करके स्कोर बोर्ड चलायमान रखा। 

अंजिक्य रहाणे ने रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर रायुडु का बेहद नियंत्रित कैच लेकर इन दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी तोड़ी। रोहित ने हालांकि 38 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। बाद में रोहित को बटलर के रूप में एक और भरोसेमंद साथी मिला। इन दोनों ने ढीली गेंदों पर करारे शाट लगाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया। अपनी पारी के दौरान टी20 में 3000 रन पूरे करने वाले रोहित ने मुरूगन अश्विन पर विजयी छक्का लगाया। इससे पहले रोहित ने आईपीएल के वर्तमान सत्र की परंपरा बरकरार रखते हुए टास जीतकर पुणे सुपरजाइंट्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया जिसने दूसरे ओवर में ही भरोसेमंद रहाणे (चार) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद स्मिथ ने ऐसे में तेजी से रन जुटाये।

स्मिथ अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये। बुमराह की गेंद को थर्डमैन पर खेलने के प्रयास में उन्होंने पार्थिव को कैच थमाया। स्मिथ ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाये। स्मिथ और तिवारी ने केवल 7.3 ओवरों में 84 रन की साझेदारी की लेकिन आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज के आउट होने के बाद रनगति एकदम से धीमी पड़ गयी। धोनी की उपस्थिति से भी कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने 24 गेंद खेली लेकिन केवल दो चौके लगा पाये। 

उनसे पहले पीटर हैंडस्काम्ब (12 गेंद पर छह रन) भी रन बनाने के लिये जूझते हुए नजर आये जबकि तिवारी भी स्मिथ के आउट होने के बाद रन बनाने के लिये संघर्ष करते रहे। बुमराह की गेंद पर मिडविकेट पर आसान कैच थमाने से उनकी पारी का अंत हुआ। डेथ ओवरों में भी पुणे के बल्लेबाज अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाये। तिसारा परेरा (नाबाद 12) ने बुमराह की पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया।

Trending news