PBL 2018: साइना को पहली बार में नहीं मिला खरीदार, दूसरी बार में 80 लाख की बोली लगी
Advertisement

PBL 2018: साइना को पहली बार में नहीं मिला खरीदार, दूसरी बार में 80 लाख की बोली लगी

साइना नेहवाल को नॉर्थ ईस्‍टर्न वॉरियस ने 80 लाख रुपए में अपने टीम में शामिल किया. 

साइना नेहवाल (बाएं) एक प्रमोशनल इवेंट में मैरीकॉम के साथ. (फोटो: PTI)

नई दिल्ली: प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) सीजन-4 की नीलामी चौंकाने वाली रही है. इसमें स्टार शटलर साइना नेहवाल, पीवी सिंधु, कैरोलिना मारिन, किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय के लिए 80-80 लाख रुपए की बोली लगी. पहले राउंड में साइना नेहवाल पर किसी ने बोली नहीं लगाई. तब ऐसा लगा कि उनकी शादी की खबर ने कीमत कम कर दी है. लेकिन दूसरे राउंड की नीलामी शुरू होने पर साइना को भी वही दाम मिला, जो बाकी स्टार खिलाड़ियों को मिला था. 

प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) सीजन-4 की नीलामी सोमवार सुबह 11 बजे शुरू हुई. नीलामी की शुरुआत साइना नेहवाल के नाम से हुई. उम्‍मीद लगाई जा रही थी कि साइना पर बड़ी बोली लगेगी. लेकिन हर कोई उस समय हैरान रह गया, जब उन्‍हें कोई खरीदार नहीं मिला. दूसरे राउंड में एक बार फिर साइना को नीलामी के लिए रखा गया. दूसरी बार में उन्‍हें नॉर्थ ईस्‍टर्न वॉरियस ने 80 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा.साइना पिछले दो सीजन से अवध वॉरियर्स के साथ थीं. नॉर्थ ईस्टर्न वॉरियर्स ने दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी यिओन सियोंग यू को40 लाख रुपए में खरीद कर टीम से जोड़ा है.

लीग की नई टीम पुणे 7 एस ने कैरोलिना मारिन के रूप में इस नीलामी का अपना पहला खिलाड़ी खरीदा. इस टीम की मालकिन बॉलीवुड स्टार तापसी पन्नू हैं. वे नीलामी में मौजूद थीं. रियो ओलिंपिक की सिल्‍वर मेडलिस्‍ट पीवी सिंधु को मौजूद चैंपियन हैदराबाद हंटर्स ने 80 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा. सिंधु ने पिछले सीजन में चेन्नई स्मैशर्स का प्रतिनिधित्व किया था.

भारत के नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत बेंगलुरु की जर्सी में नजर आएंगे. बेंगलुरु रैपटर्स ने 80 लाख रुपए में खरीदा. दुनिया के नंबर 6 के खिलाड़ी श्रीकांत गोल्‍ड कोस्‍ट कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स के फाइनलिस्‍ट थे, वहीं इसी साल वह एक सप्‍ताह के लिए विश्‍व के नंबर एक खिलाड़ी भी बने थे. श्रीकांत ने पिछले साल अवध वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व किया था. दिल्ली डैशर्स ने भारतीय खिलाड़ी एचएस प्रणय को 80 लाख रुपए में खरीदा. प्रणय पिछले साल मुंबई रॉकेट्स की टीम में थे. 

पीबीएल-4 के 5 सबसे महंगे खिलाड़ी
खिलाड़ी                         टीम                    कीमत (रुपए में) 

साइना नेहवाल        नॉर्थ ईस्टर्न वॉरियर्स           80 लाख
किदांबी श्रीकांत      बेंगलुरू रैपटर्स                 80 लाख 
पीवी सिंधु              हैदराबाद हंटर्स                 80 लाख
एचएस प्रणय         दिल्ली डैशर्स                     80 लाख रुपए 
कैरोलिना मारिन   पुणे-7 एसेस                       80 लाख 

प्रीमियर बैडमिंटन लीग के चौथे सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में 23 देशों में 145 खिलाड़ी उतरे, जिन पर 9 फ्रेंचाइजियों ने दांव लगाया. लीग में नई टीम के आने से किसी भी टीम ने पास राइट टू मैच कार्ड नहीं था. साल 2015 के बाद पहली बार सभी खिलाडि़यों पर बोली लगी.

Trending news