तेदेपा-भाजपा में गतिरोध जारी, जावड़ेकर-नायडू की मुलाकात संभव
Advertisement

तेदेपा-भाजपा में गतिरोध जारी, जावड़ेकर-नायडू की मुलाकात संभव

आंध्र प्रदेश में तेदेपा और भाजपा के चुनावी गठबंधन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। बताया जाता है कि तेदेपा ने भाजपा को छह विधानसभा सीटों के बदले एक लोकसभा सीट की पेशकश की है।

fallback

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश में तेदेपा और भाजपा के चुनावी गठबंधन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। बताया जाता है कि तेदेपा ने भाजपा को छह विधानसभा सीटों के बदले एक लोकसभा सीट की पेशकश की है।

खबर है कि चुनावी गठबंधन के मुताबिक भाजपा अपने हिस्से की आवंटित 14 में से दो विधानसभा सीटें देने के लिए तैयार हो गई है और दो सीटों पर से अपने प्रत्याशियों को बदलने के लिए भी सहमत है।
तेदेपा और भाजपा नेता गतिरोध खत्म करने के लिए आज दूसरे दौर की बातचीत करेंगे, क्यांेकि सात मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन करने की अंतिम तारीख कल है।
तेदेपा अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू भाजपा द्वारा उतारे गए कुछ विधानसभा प्रत्याशियों के प्रति अपनी नाराजगी को संभवत: दोहरा सकते हैं।
कल रात विजयनगरम जिले में एक चुनावी सभा में चंद्रबाबू ने कहा,‘‘ अगर वे :भाजपा:ऐसे कमजोर उम्मीदवार उतारेंगे तो इससे सिर्फ विरोधियों को ही फायदा होगा और गठबंधन कमजोर होगा। यह लोकसभा चुनाव के लिए हमारी संभावनाओं को भी प्रभावित करेगा।’’ वह भाजपा के साथ मसले को हल करने के मकसद से ही देर रात हैदराबाद वापस लौट आए। साथ ही भाजपा के राष्ट्री प्रवक्ता प्रकाश जाडवेकर तेदेपा सांसद वाई सत्यानारायण चौधरी के साथ मसले पर चर्चा करने के लिए यहां पहुंच गए हैं।
कहा जा रहा है कि तेदेपा ने भाजपा को चार लोकसभा सीटों के अलावा राजहमुन्द्री लोकसभा सीट की पेशकश की है। यह पेशकश ईच्चपुरम, राजहमुन्द्री शहरी, नरसराओपेट, गुंटाकल ,सांतनुतलापडु और टाडेपल्लीगुडम विधानसभा सीटों के बदले की गई है। राष्ट्रीय पार्टी से कुछ अन्य सीटों पर जहां उम्मीदवार कमजोर हैं वहां से उन्हें बदलने के लिए कहा गया है।
समझा जा रहा है कि भाजपा दो सीटों पर अपने उम्मीदवार बदलने के अलावा अपने हिस्से की विधानसभा सीटों में से सिर्फ दो सीटें छोड़ने के लिए सहमत हो गई है। चुनाव प्रचार के लिए कृष्णा जिला जाने से पहले जावडेकर चंद्रबाबू से बातचीत कर सकते हैं।
इस बीच, तेदेपा ने सात मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने चार मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है। कडप्पा जिले के प्रोद्दातुर से मौजूदा विधायक एम लिंगा रेड्डी का टिकट काटकर यहां से पूर्व विधायक वरदराजुलु रेड्डी को दिया गया है। वह हाल ही में कांग्रेस पार्टी छोड़ कर आए हैं।
विवादित कोवुरू (सुरक्षित) विधानसभा से टी रामा राव को इस बार टिकट देने से मना कर दिया गया है। जबकि दुर्गा प्रसाद और हेमलता का नाम भी सूची में नहीं है। (एजेंसी)

Trending news