नेपाल में नाकेबंदी के खिलाफ हड़ताल कराते 40 लोग गिरफ्तार
Advertisement

नेपाल में नाकेबंदी के खिलाफ हड़ताल कराते 40 लोग गिरफ्तार

नेपाल के साथ सीमा के प्रमुख व्यापारिक बिन्दुओं पर भारत की नाकेबंदी के खिलाफ सीपीएन माओवादी पार्टी से अलग हुए एक धड़े की ओर से बुलाई गई हड़ताल लागू कराने का प्रयास करने पर रविवार को कम से कम 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

काठमांडू : नेपाल के साथ सीमा के प्रमुख व्यापारिक बिन्दुओं पर भारत की नाकेबंदी के खिलाफ सीपीएन माओवादी पार्टी से अलग हुए एक धड़े की ओर से बुलाई गई हड़ताल लागू कराने का प्रयास करने पर रविवार को कम से कम 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

नेपाल माओवादी कम्युनिस्ट पार्टी से अलग होकर बने कट्टरपंथी संगठन सीपीएन माओवादी (बिपलव) की इस हड़ताल का नेपाल की राजधानी काठमांडू में बहुत कम प्रभाव रहा। हालांकि देश के अन्य भागों में जनजीवन थोड़ा प्रभावित हुआ। काठमांडू में कुछ दुकानें बंद रहीं लेकिन ज्यादातर वाहन राजधानी की सड़कों पर देखे गए।

पुलिस ने कहा कि कम से कम 40 लोगों को हड़ताल लागू करने का प्रयास करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने पर गिरफ्तार किया गया। पश्चिमी नेपाल के कंचनपुर जिले में पांच माओवादी कार्यकर्ताओं को एक भारतीय नंबर प्लेट वाली जीप में तोड़फोड़ करने के लिए गिरफ्तार किया गया।

माओवादी कार्यकर्ताओं ने काठमांडू के पश्चिम में करीब 60 किलोमीटर दूर धाडिंग जिले में ईंटें लेकर जा रहे एक ट्रक में आग लगा दी। पार्टी ने एक बयान में कहा, 'हमारी हड़ताल भारत की नाकेबंदी और नेपाल के आंतरिक मामलों में उसके हस्तक्षेप के खिलाफ है।' 

हालांकि नेपाल के लोगों ने हड़ताल की आलोचना करते हुए लोगों की ओर से मधेसियों के आंदोलन के कारण पहले से ही ईंधन, दवा और अन्य जरूरी चीजों की कमी से जूझने वाले समय में बंद पर नाराजगी जाहिर की।

Trending news