श्रीलंका में बर्खास्त महिला चीफ जस्टिस शिरानी भंडारनायके बहाल
Advertisement

श्रीलंका में बर्खास्त महिला चीफ जस्टिस शिरानी भंडारनायके बहाल

श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने देश की पहली महिला चीफ जस्टिस को आज बहाल कर दिया जिन्हें पूर्व राष्ट्रपति के कार्यकाल में बर्खास्त कर दिया गया था। पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के विवादित फैसलों को बदलते हुए कुछ दिन पहले ही एक पूर्व सेना प्रमुख के रैंक को भी बहाल कर दिया गया था।

कोलंबो : श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने देश की पहली महिला चीफ जस्टिस को आज बहाल कर दिया जिन्हें पूर्व राष्ट्रपति के कार्यकाल में बर्खास्त कर दिया गया था। पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के विवादित फैसलों को बदलते हुए कुछ दिन पहले ही एक पूर्व सेना प्रमुख के रैंक को भी बहाल कर दिया गया था।

‘लायर्स कलेक्टिव एटार्नी-एट-लॉ’ के संयोजक जेसी वेलियमुना ने आज बताया कि शिरानी भंडारनायके को इस आधार पर बहाल किया गया कि राष्ट्रपति राजपक्षे के कार्यकाल के दौरान उन्हें हटाने की प्रक्रिया दोषपूर्ण थी। देश की 43वीं चीफ जस्टिस आज दोपहर बाद न्यायालय परिसर में पहुंची जहां वकीलों ने उनका भव्य स्वागत किया।

राजपक्षे सरकार ने भंडारनायके को 2013 में पद से हटा दिया था हालांकि वह हमेशा जोर देती रहीं कि वह अब भी देश की ‘वैध’ प्रधान न्यायाधीश हैं। उनकी बहाली के पूर्व मौजूदा प्रधान न्यायाधीश मोहन पेइरिस को एक पत्र भेजा गया था जिसमें कहा गया था कि पेइरिस की नियुक्ति अवैध है क्योंकि भंडारनायके को दोषपूर्ण प्रक्रिया के तहत बर्खास्त किया गया था।

वेलियमुना ने कहा कि पइरिस से कहा गया है कि भंडारनायके के लिए स्थान बनाने की खातिर वह गरिमामय तरीके से इस्तीफा दे दें। इसी महीने राजपक्षे की हार के बाद से ही पइरिस लगातार उन फोन कालों की अनदेखी कर रहे थे जिसमें उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। हालांकि सूत्रों ने कहा कि भंडारनायके कल अपने पद से इस्तीफा दे देंगी।

राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार सिरीसेना ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में भंडारनायके को बहाल करने का वादा किया था। पिछले हफ्ते राष्ट्रपति ने पूर्व थलेसना प्रमुख जनरल सरथ फोंसेका के रैंक को बहाल कर दिया था। राजपक्षे ने फोंसेका को उनके सभी रैंकों से वंचित कर दिया था और उन्हें जेल भेज दिया गया था।

Trending news