मोन्सेन्टो, जीएम फसलों के खिलाफ हजारों लोगों ने किया मार्च
Advertisement

मोन्सेन्टो, जीएम फसलों के खिलाफ हजारों लोगों ने किया मार्च

जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी मोन्सेन्टो और उसकी जैव संवर्धित (जीएम) फसलों एवं कीटनाशकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए विश्वभर में हजारों लोग सड़कों पर उतरे।

पेरिस : जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी मोन्सेन्टो और उसकी जैव संवर्धित (जीएम) फसलों एवं कीटनाशकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए विश्वभर में हजारों लोग सड़कों पर उतरे।

अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन करने उतरे लोगों के गुस्से की मुख्य वजह मोन्सेन्टो का प्रमुख खरपतवार नाशक ‘राउंडअप’ बना। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस विवादास्पद उत्पाद के प्रमुख तत्व को ‘इंसानों के लिए संभवत: कैंसरकारी’ तत्व की श्रेणी में रखा था।

मोन्सेन्टो के खिलाफ तीसरे वार्षिक मार्च का आयोजन कल अमेरिकी महाद्वीपों से लेकर अफ्रीका और यूरोप के 40 से भी अधिक देशों के 400 से अधिक शहरों में किया गया था। इस विरोध प्रदर्शन की शुरूआत ‘ऑक्यूपाई मूवमेंट’ के साथ हुई थी।

ग्रीनपीस जैसे पर्यावरणीय संगठनों और पूंजीवाद विरोधी समूह स्टॉप टाफ्टा के नेतृत्व में 3000 प्रदर्शनकारी पेरिस में जुटे। रियो में अन्य 250 लोगों ने नाचते-गाते हुए प्रदर्शन किया और मोन्सेन्टो पर ‘जैवआतंकवाद’ का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मोन्सेन्टो के बीजों को 10 साल के लिए निषेध घोषित किया जाए ताकि इस तकनीक के प्रभावों के बारे में ‘स्वतंत्र शोध किया जा सके।’ पुशचेयर में बैठी एक छोटी लड़की के हाथ में पकड़ी तख्ती पर लिखा था, ‘मैं कोई विज्ञान का परीक्षण नहीं हूं।’

एक प्रदर्शनकारी मेगान सिलबर्न ने कहा, ‘हमें पता होना चाहिए कि जो भोजन हम खा रहे हैं, उसमें है क्या? हम अपने शरीर में डाल क्या रहे हैं?’

Trending news