यूएन रिपोर्ट: 2014 में बलात्कार, यौन दासता की खौफनाक घटनाएं
Advertisement

यूएन रिपोर्ट: 2014 में बलात्कार, यौन दासता की खौफनाक घटनाएं

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा है कि इस्लामिक स्टेट ग्रुप और बोको हराम सहित चरमपंथियों ने 2014 में बड़े पैमाने पर बलात्कार, यौन दासता और जबरन विवाह के जरिए खौफनाक घटनाओं को अंजाम दिया।

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा है कि इस्लामिक स्टेट ग्रुप और बोको हराम सहित चरमपंथियों ने 2014 में बड़े पैमाने पर बलात्कार, यौन दासता और जबरन विवाह के जरिए खौफनाक घटनाओं को अंजाम दिया।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कल जारी एक रिपोर्ट में इराक, सीरिया, सोमालिया, नाइजीरिया, माली, लीबिया और यमन में चरमपंथी विचारधाराओं वाले समूहों सहित सशस्त्र समूहों की ओर से किए गए यौन हिंसा जैसे अपराधों पर ‘गहरी चिंता’ जाहिर की।

बान ने कहा कि चरमपंथी गुटों की ओर से आतंकी रणनीति के तौर पर हिंसक चरमपंथ के जरिए पैदा किए गए संकट से यौन हिंसा के खौफनाक रूझानों का खुलासा हुआ है।

महासचिव ने कहा कि इस्लामिक स्टेट ग्रुप, बोको हराम, अल शबाब, अंसार दीने और अलकायदा से जुड़े संगठनों को नेस्तनाबूद किया जाना यौन हिंसा से संबंधित संघर्ष के खिलाफ जंग का अहम हिस्सा है। रिपोर्ट में 19 देशों पर फोकस किया गया है।

यह रिपोर्ट उन 19 देशों पर आधारित है जो संघर्ष या जंग से उबरने का प्रयास कर रहे हैं और जहां बलात्कार, यौन दासता, जबरन वेश्यावृत्ति और जबरन गर्भधारण होता है। इसमें नाइजीरिया के बोको हराम सहित मध्य अफ्रीकी गणतंत्र, आइवरी कोस्ट, कांगो, इराक, माली, सोमानिया, दक्षिण सूडान, सीरिया के 45 समूहों की सूची दी गई है जिन पर संघर्ष के दौरान बलात्कार से जुड़ी हिंसा करने या इसके लिए जिम्मेदार होने का संदेह है। इनमें से 13 संगठनों को पहली बार शामिल किया गया है।

रिपोर्ट में कहा गया कि वर्ष 2014 की सबसे चिंताजनक घटना में 14 अप्रैल को बोको हराम द्वारा उत्तरी नाइजीरियाई शहर चिबोक में एक स्कूल से माध्यमिक कक्षा की 276 छात्राओं का अपहरण कर लिया गया था। लड़कियों के अपहरण का एक साल पूरा होने से एक दिन पहले जारी रिपोर्ट में कहा गया कि जबरन शादी, दासता और अपहृत महिलाओं तथा लड़कियों को ‘बेचना’ बोकोहराम का तौरतरीका और विचारधारा है।

Trending news