लंदन ओलंपिक : तीन महिलाओं पर टिकीं भारतीय उम्मीदें
Advertisement

लंदन ओलंपिक : तीन महिलाओं पर टिकीं भारतीय उम्मीदें

ओलंपिक में आज भारतीय उम्मीदें तीन महिलाओं पर अटकीं हैं। बैडमिंटन में सायना नेहवाल, डिस्कस थ्रो के फाइनल में कृष्णा पूनिया और महिला ट्रैप में शूटर शगुन चौधरी भारतीय उम्मीदों को सहारा दे सकती हैं।

ज़ी न्यूज खेल ब्यूरो
लंदन : ओलंपिक में आज भारतीय उम्मीदें तीन महिलाओं पर अटकीं हैं। बैडमिंटन में कांस्य पदक के लिए सायना नेहवाल चीनी खिलाड़ी से भिड़ेंगी। डिस्कस थ्रो के फाइनल में कृष्णा पूनिया अपना दमखम दिखा सकती हैं। इसके अलावा महिला ट्रैप में शूटर शगुन चौधरी भी अपने निशाने से भारतीय उम्मीदों को सहारा दे सकती हैं।
बैडमिंटन के महिला एकल स्पर्धा में कांस्य पदक के लिए सायना नेहवाल आज शाम 6.00 बजे चीन की जिंग वॉग के खिलाफ कोर्ट पर उतरेंगी। सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली भारत की स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल शुक्रवार को विश्व की नम्बर एक खिलाड़ी चीन की येहान वांग के हाथों 13-21, 13-21 से हार गई थी। इस हार के साथ सायना का स्वर्ण पदक जीतने का सपना टूट गया। लेकिन वह कांस्य पदक की होड़ में बनी हुई हैं।
डिस्कस थ्रो में शुक्रवार को हुए क्वालीफाइंग मुकाबले में भारतीय एथलीट कृष्णा पूनिया ने ग्रुप ए में 63.54 मीटर के प्रदर्शन के साथ 5वां स्थान हासिल किया। शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में कृष्णा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को तैयार हैं। इसके अलावा महिला ट्रैप शूटिंग में भारतीय शूटर शगुन चौधरी क्वालीफाइंग मुकाबले में अपने प्रदर्शन से भारतीय उम्मीदों को पंख लगा सकती हैं। शूटिंग में भारत को अभी तक दो पदक मिल चुके हैं। गगन नारंग ने कांस्य और विजय कुमार ने सिल्वर पदक भारतीय झोली में डाले हैं।
इसके अलावा एथलेटिक्स में 300 मीटर स्टीपल्चैस महिला प्रतियोगिता में सुधा सिंह भारतीय दोवदारी पेश करेंगी। शनिवार रात 2 बजे होने वाले इस इवेंट से भी भारत को उम्मीद है। पुरुषों की 20 किलोमीटर की पैदल चाल प्रतियोगिता में बलजिंदर सिंह और गुरमीत सिंह शामिल होंगे। भारतीय बॉक्सर पदक की दौड़ में अपना दमखम बचाए हुए हैं। एल देवेंद्रो सिंह (49 किग्रा फ्लाईवेट) और मनोज सिंह (64 किग्रा वेल्टवेट) से भी प्री क्वार्टर फाइनल में बेहतर प्रदर्शन की भारत को उम्मीद है।

Trending news