)
महाराष्ट्र के बीड से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक शादी के दौरान दुल्हन और उसकी मौसी पर ही दूल्हे के साथ ही दो लाख रुपयों की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है. एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र के बीड जिले की एक अदालत ने 36 साल की एक नई शादीशुदा महिला और उसकी मौसी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
इस मामले में दुल्हन और उसकी मौसी पर दूल्हे से कथित तौर पर 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, यह घटना 6 दिसंबर को कोदारी गांव में हुई थी. दुल्हन प्रीति शिवाजी राउत पर आरोप है कि उसने दूल्हे से 2 लाख रुपये लिए और शादी की रस्म के सिर्फ तीन घंटे बाद भाग गई.
दूल्हे के परिवार ने की शिकायत
दूल्हे के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने प्रीति को गिरफ्तार कर लिया. कैज की एक कोर्ट ने शुरू में उसे 10 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. इसके बाद, उसकी मौसी माया सतीश राउत, जिसने कथित तौर पर उसके साथ मिलकर यह काम किया था, को पुणे के पास चाकन से हिरासत में लिया गया.
दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेश किया गया
दोनों महिलाओं को गुरुवार को कैज कोर्ट में पेश किया गया. एक अधिकारी ने बताया कि कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. असिस्टेंट इंस्पेक्टर मच्छिंद्र शेंडगे ने बताया कि इस मामले में दो और आरोपी फरार हैं और उन्हें ढूंढने के लिए स्पेशल टीमें लगाई गई हैं.