)
Gujarat Crime News: सोशल मीडिया पर इमोजी का इस्तेमाल जमकर किया जाता है. खासतौर इसका प्रचलन युवाओं में बहुत ज्यादा है. अब इसी इमोजी ने इतना बड़ा बवाल खड़ा कर दिया कि 20 साल के युवक को अपनी जान तक गंवानी पड़ गई. यह हैरान कर देने वाली वारदात गुजरात के राजकोट से सामने आई है, जहां फैक्ट्री में काम करने वाला प्रिंस कुमार (20), मूल रूप से बिहार का रहने वाला था. कुछ महीने पहले अपने दादा की मौत को याद करते हुए उसने फेसबुक पर एक स्टोरी डाली. उस पोस्ट पर उसके जानने वाले बिपिन कुमार राजिंदर गोंड ने हंसने वाला इमोजी डाल दिया. बस यहीं से दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और मामला जानलेवा झगड़े तक पहुंच गया.
युवक ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य फरार है. FIR के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे प्रिंस अपनी फैक्ट्री के बाहर ऑटो रिक्शा में बैठा था. तभी उसने बिपिन को अपनी तरफ आते देखा. प्रिंस अंदर जाने लगा, लेकिन तभी दूसरा आरोपी बृजेश गोंड उसका रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने लगा. उसी दौरान बिपिन ने प्रिंस को चाकू मार दिया. प्रिंस की चीख सुनकर उसके साथी दौड़े और उसे पहले पास के प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां से उसे राजकोट सिविल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस की पीठ पर डेढ़ से दो इंच गहरा जख्म था. लेकिन जब उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, तब वह होश में था और पुलिस को बयान भी दिया था. शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में उसकी चोट को गंभीर नहीं माना गया. मगर चार दिन बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसे ICU में शिफ्ट करना पड़ा.
22 सितंबर की रात 2:30 बजे प्रिंस की मौत हो गई. सुबह 6:35 बजे पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस ने FIR में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103 (1) यानी हत्या की धारा जोड़ दी. मुख्य आरोपी बिपिन को सोमवार रात गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जबकि दूसरा आरोपी बृजेश अभी फरार है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत का असली कारण पता चल सके. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, चोट और इंफेक्शन दोनों ही वजह हो सकते हैं.