)
Man kills daughter and commits suicide: कर्नाटक के कोलार ज़िले के मुलबागल तालुक से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने से आहत एक व्यक्ति ने अपनी चार साल की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद पेड़ से लटककर जान दे दी. घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 37 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है. उसने अपनी बेटी निहारिका के साथ यह कदम तब उठाया जब उसकी पत्नी नव्याश्री घर छोड़कर किसी और व्यक्ति के साथ चली गई थी.
'मैं तुम्हारे साथ नहीं रहना चाहती'
पुलिस जांच में सामने आया कि नव्याश्री ने घर छोड़ने से पहले एक चिट्ठी छोड़ी थी, जिसमें उसने साफ लिखा था, 'मैं तुम्हारे साथ नहीं रहना चाहती. तलाक़ चाहिए. मुझे मत ढूंढना.'
इस नोट ने लोकेश को अंदर तक तोड़ दिया. शादी को चार साल हुए थे, लेकिन रिश्ते में लंबे समय से तनाव चल रहा था. पुलिस का कहना है कि नव्याश्री का किसी और व्यक्ति से संबंध था और वह पति को छोड़ना चाहती थी.
बेटी के साथ निकला, फिर घर नहीं लौटा
मंगलवार को पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करवाने के बाद लोकेश अपनी बेटी निहारिका के साथ घर से निकला. उसने बेटी को पास की बेकरी में ले जाकर उसकी पसंदीदा चीज़ें खिलाईं. बेकरी के मालिक ने बताया कि वह बेहद शांत था, लेकिन उसके चेहरे पर गहरी बेचैनी थी.
कुछ देर बाद वह कार लेकर मुलबागल के बाहरी इलाके की ओर चला गया. पुलिस का कहना है कि वहीं उसने पहले बेटी की गला दबाकर हत्या की और फिर कुछ दूरी पर जाकर खुदकुशी कर ली.
सड़क किनारे दिखा भयावह मंजर
बुधवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार देखी. कार के अंदर बच्ची का शव पड़ा था. थोड़ी दूरी पर पेड़ से लोकेश का शव झूलता मिला. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जांच अधिकारी ने बताया, 'यह घटना पूरी तरह से मानसिक आघात और पारिवारिक तनाव का नतीजा लगती है. पत्नी के चले जाने के बाद लोकेश ने आत्मघाती कदम उठाया.'
पत्नी और प्रेमी पर केस दर्ज
लोकेश के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि नव्याश्री और उसके प्रेमी ने उसके बेटे को इस कदर मानसिक रूप से परेशान किया कि उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत केस दर्ज किया है.
इलाके में मातम का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. लोग हैरान हैं कि एक पिता अपनी ही बेटी की जान कैसे ले सकता है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि मौत की सटीक वजह की पुष्टि हो सके. वहीं मुलबागल पुलिस आगे की जांच में जुटी है, जबकि इलाके में यह मामला 'प्यार, धोखे और पागलपन' की एक डरावनी मिसाल के रूप में चर्चा में है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.