)
Kabaddi players Of India: पंजाब में कबड्डी प्लेयर्स की हत्या को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. हाल ही में हुई कबड्डी प्लेयर गुरविंदर की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से ली गई है. इससे कुछ दिन पहले ही 31 अक्टूबर 2025 को लुधियाना में तेजपाल नाम के एक और कबड्डी प्लेयर की हत्या हुई थी, हालांकि उस हत्याकांड में किसी भी गैंग ने खुद के शामिल होने का दावा नहीं किया था. इसको लेकर इंटरनेट पर एक पोस्ट सामने आया है.
सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक कथित पोस्ट सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि पंजाब के मांकी समराले गांव में हुई हत्या हैरी (हरी) बॉक्सर और आरजू बिश्नोई के कहने पर की गई है. पोस्ट के मुताबिक इस हत्या को करण मदपुर और तेजी चक ने अंजाम दिया है. इसमें विरोधी गैंगों और बब्बू समराला को भी धमकी दी गई है. पोस्ट में लिखा है,' आज जो कबड्डी खिलाड़ी का मर्डर हुआ है, उसकी जिम्मेदारी हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) लेते हैं. ये मर्डर हमारे भाइयों करण मादपुर और तेज चक ने किया है. बाबू समराला और उसके साथ वाले जो जो हमारे दुश्मनों का साथ दे रहे हैं कान खोलकर सुन लो तुमसे जो भी मिल गया, उसका भी यही हाल करेंगे. ये चेतावनी सबके लिए है, जो हमारे दुश्मनों का साथ दे रहे हैं. या तो सुधर जाओ या तैयार रहो, अगली गोली तुम्हारी.'
जानकारी के मुताबिक, आरजू बिश्नोई और हैरी बॉक्सर दोनों ही फरार हैं और विदेश से लॉरेंस बिश्नोई गैंग को चला रहे हैं. हाल के दिनों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और रोहित गोडारा गोल्डी बराड़ गैंग के बीच गैंगवार तेज हो गई है, खासकर दोनों गुटों के अलग होने के बाद से झड़प और तेज हो गई है. इसी बीच समराला के मंकी गांव में सोमवार 3 नवंबर 2025 को कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह प्लेयर गुरविंदर ही थी. इस दौरान गुरविंदर के साथ मौजूद 2 साथी गोली लगने से घायल हुए और किसी तरह बच निकले.
बता दें कि कुछ समय पहले ही पंजाब के जगरांव में भी कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लगातार हो रही इन हत्याओं ने इलाके में खौफ का माहौल बना दिया है. पंजाब में पिछले कुछ सालों में 9 कबड्डी प्लेयर्स की हतया हो चुकी है. हत्याओं के कई मामलों में आपसी रंजिशों को कारण बताया गया है, हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क जुड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह खेल को छोड़कर ड्रग माफिया, क्राइम और गैंगस्टर नेटवर्ट से जुड़ा है.