)
मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणेश प्रतिमा लालबागचा राजा की विसर्जन यात्रा में चोरी के कई सारे मामले सामने आए हैं. इस मौके पर जहां लाखों लोग बप्पा को विदा करने के लिए जुटे थे, वहीं चोरों का गिरोह अपने मकसद को अंजाम देने के लिए एक्टिव दिखा. भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने कई भक्तों के मोबाइल फोन और सोने की चेन पर अपना हाथ साफ कर लिया.
मुंबई पुलिस के अनुसार, इस दौरान 100 से भी ज्यादा मोबाइल फोन चोरी की शिकायतें मिली हैं. कई पीड़ित कालाचौकी पुलिस स्टेशन के बाहर अपनी शिकायत दर्ज कराने आए. अब तक 10 केस दर्ज हुए हैं, चार फोन बरामद किए गए हैं और चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं.
लाखों की भीड़
मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं. यहां की प्रतिमा सूर्खियों में रहती है. ऐसे में लाखों भक्त बप्पा के विसर्जन यात्रा में शामिल होने के लिए आए. यह यात्रा लालबाग से शुरू होकर गिरगांव चौपाटी तक करीब 32 से 35 घंटे तक चली. लेकिन, श्रद्धा और भक्ति के इस माहौल में जेबकतरों और स्नैचरों ने भीड़ का फायदा उठाया और बड़ी संख्या में भक्त चोरी की घटनाओं का शिकार हो गए.
चोरों ने उठाया भीड़ का फायदा
मुंबई पुलिस के अनुसार, इस साल जुलूस के दौरान 100 से अधिक मोबाइल चोरी की शिकायतें दर्ज की गई. कालाचौकी पुलिस थाने के बाहर शिकायत दर्ज कराने के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. अब तक 10 मामले आधिकारिक तौर पर दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 4 चोरी हुए फोन पुलिस ने बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने इस संबंध में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मोबाइल चोरी के अलावा सोने की चेन चोरी के भी कई मामले सामने आए.
12 आरोपी हिरासत में
पुलिस ने बताया कि अब तक 7 केस दर्ज किए गए हैं. इनमें से 2 सोने की चेन बरामद कर ली गई हैं, जबकि 12 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. इसी बीच, मुंबई की भोईवाड़ा पुलिस ने विसर्जन जुलूस के दौरान ड्रोन के इस्तेमाल से जुड़े मामलों में भी केस दर्ज किया है. नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा रही है.