)
गैरकानूनी महादेव ऐप जिससे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेला जाता था के केस में गुजरात स्टेट मॉनिटरिंग सेल को बड़ी सफलता मिली है. गैरकानूनी बेटिंग ऐप में फ्रैंचाइजी देने वाला जयसिंह शंकरा जी चौहान अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पकड़ा गया है. गैरकानूनी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा बेटिंग में एसएमसी की बड़ी कार्रवाई में ये बड़ी सफलता हाथ लगी. महादेव ऐप के मालिक सौरभ उर्फ महादेव चंद्राकर से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा बेटिंग की फ्रैंचाइजी जयसिंह देता था. जयसिंह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था. आरोपी जय सिंह फ्लाइट नंबर EK 541 के जरिए अहमदाबाद से दुबई जा रहा था.
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन विभाग ने आरोपी जय सिंह को रोककर गुजरात की स्टेट मॉनिटरिंग सेल को सौंप दिया था. स्टेट मॉनिटरिंग सेल ने शनिवार (8 नवंबर) को दोपहर 15:30 बजे गिरफ्तार किया. इस गिरफ्तारी के साथ ही गैरकानूनी महादेव बेटिंग ऐप मामले में अब तक कुल 38 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जय सिंह क्रिकेट बेटिंग महादेव ऐप के जरिए ऑनलाइन गैरकानूनी क्रिकेट सट्टा चलाता था. पुलिस ने जयसिंह चौहान की गिरफ्तारी कर केस की आगे की जांच शुरू कर दी है.
5 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया आदेश
इसके पहले सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर को महादेव बेटिंग ऐप (Mahadev Betting App) के भगोड़े को-फाउंडर को लेकर सख्त निर्देश जारी किए थे. सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उसे ढूंढने का आदेश दिया है. सर्वोच्च न्यायालय का कहना है कि इस बेटिंग ऐप के धंधे में किसी भी व्हाइट कॉलर क्राइम करने वाला आरोपी जांच एजेंसियों के साथ नहीं खिलवाड़ नहीं कर सकता है. महादेव बेटिंग ऐप का मामला सामने आने के बाद इसके प्रमुख रवि उप्पल के दुबई में होने की खबर सामने आई थी. रवि दुबई में सभी जांच एजेंसियों को चकमा देकर फरार हो गया था. उसके बाद से वो कहां ये जानकारी किसी को नहीं है.
रवि उप्पल को लेकर क्या बोला सुप्रीम कोर्ट?
महादेव बेटिंग ऐप के खुलासे के बाद से रवि उप्पल दुबई में भारतीय जांच एजेंसियों के डर से फरारी काट रहा था. भारतीय एजेंसियां संयुक्त अरब अमीरात पर उसके प्रत्यर्पण का दबाव बना रही थी. लेकिन इससे पहले ही रवि गुपचुप तरीके से दुबई से भाग निकला था. इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर को कहा था, रवि उप्पल जैसे लोगों के लिए कोर्ट और जांच एजेंसियां महज खिलवाड़ हैं. हमें इसमें कुछ करना होगा. हम उसकी याचिका खारिज करते हैं. उसे जल्द से जल्द ढूंढकर निकालो. उसकी पहुंच काफी लंबी है, तभी वो एक जगह से दूसरी जगह आसानी से चला जा रहा है.'