)
Most wanted gangster Manpal Badli arrested: भारत के सबसे कुख्यात और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मैनपाल बादली को भारत की सुरक्षा एजेंसियों और हरियाणा पुलिस के संयुक्त प्रयासों से कंबोडिया में हिरासत में ले लिया गया है. हरियाणा पुलिस ने इस गैंगस्टर पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. इस पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस काफी समय से मैनपाल को ढूंढ रही थी. लगभग 10 दिन पहले की गई इस कार्रवाई के बाद अब भारतीय एजेंसियां मैनपाल को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं.
चाचा की हत्या का आरोप
मैनपाल बादली पर हत्या, जबरन वसूली और रंगदारी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं. हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड बदमाशों की सूची में मैनपाल नंबर-1 पर था. मैनपाल का आपराधिक इतिहास भी काफी पुराना है. बता दें कि साल 2000 में अपने चाचा की हत्या के साथ वह अपराध की दुनिया में कदम रख चुका था. जहां शुरुआती दिनों में वह ट्रैक्टर रिपेयर का काम सीखता था, लेकिन इस घटना के बाद वह अपराध की दुनिया में गहराई तक चला गया. उस पर जेल में रहते हुए भी हत्या की साजिश रचने का आरोप है.
भारत लाने की तैयारी
मैनपाल की गिरफ्तारी भारत की सेंट्रल एजेंसियों और हरियाणा पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. दरअसल सुरक्षा एजेंसियां और हरियाणा पुलिस की एक टीम कंबोडिया में मौजूद है और इस गैंगस्टर को वापस लाने के लिए कानूनी और डिप्लोमेटिक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे रही है. यह माना जा रहा है कि मैनपाल को किसी भी समय भारत लाया जा सकता है, जहां उस पर दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विदेश से चलाता था गिरोह
गैंगस्टर बादली ने अपने गिरोह को न केवल हरियाणा में, बल्कि विदेश से भी संचालित करना शुरू कर दिया था. दरअसल मैनपाल 29 अगस्त 2018 को पैरोल पर जेल से बाहर आया था, जिसके बाद वह फरार हो गया. पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी उसका पता नहीं चल सका, क्योंकि वह भारत छोड़कर जा चुका था. वह विदेश से अपने आपराधिक नेटवर्क को चला रहा था.