)
Mumbai crime news: मुंबई में एक सीनियर सिटिजन कारोबारी की हत्या से हड़कंप मच गया. कारोबारी का नाम मोहम्मद अयूब सैय्यद बताया जा रहा है जिनके ऑफिस में घुसे अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनका बेरहमी से कत्ल कर दिया. हत्या के दो आरोपी करीब आधा घंटे तक मौका ए वारदात पर मौजूद रहे. इस हत्याकांड को सुबह करीब 11:30 बजे अंजाम दिया गया. मोहम्मद अयूब सैय्यद की हत्या ने चारकोप इंडस्ट्रियल इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस के अनुसार, दो अज्ञात हमलावरों ने अयूब का कत्ल किया और आसानी से फरार हो गए.
पहले गला, पीठ और फिर हाथ...
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने अयूब के पेट, पीठ और हाथों पर कई धारदार हथियारों से वार किए. घटना के तुरंत बाद चारकोप पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावर कैद हो गए हैं और उनकी तस्वीरें उपलब्ध हैं. पुलिस उनकी पहचान करने और पकड़ने के प्रयास में कई लोगों से पूछताछ कर रही है.
फैक्ट्री परिसर में एक धारदार हथियारों से भरा बैग भी बरामद किया गया, जिसे पानी की टंकी में रखा गया था. पुलिस ने 9 टीमों का गठन किया है और क्राइम ब्रांच भी मामले की गहन जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वित्तीय विवाद की संभावना सामने आ रही है.
कई एंगल से जांच जारी
मोहम्मद अयूब सैय्यद मलाड में रहते थे और औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अपनी चारकोप फैक्ट्री का आधा हिस्सा किराए पर दे रखा था. उनके दो बेटे भी फैक्ट्री संचालन में उनकी मदद करते थे. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
घटना ने स्थानीय लोगों में डर और चिंता पैदा कर दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना के बारे में जानकारी है, तो वे तुरंत सूचित करें. इस हत्या की भयावहता और अपराध की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने इसे प्राथमिकता का मामला घोषित किया है. पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश में लगी हैं और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण जारी है. (IANS)