राजेश खन्ना की जिंदगी पर किताब का खुर्शीद ने किया अनावरण
Advertisement

राजेश खन्ना की जिंदगी पर किताब का खुर्शीद ने किया अनावरण

हिन्दी फिल्मों के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की जिन्दगी की परतों को खोलती किताब ‘राजेश खन्ना: कुछ तो लोग कहेंगे’ का शुक्रवार को यहां अनावरण किया गया। इस किताब का अनावरण कांग्रेस के नेता सलमान खुर्शीद ने किया।

नई दिल्ली : हिन्दी फिल्मों के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की जिन्दगी की परतों को खोलती किताब ‘राजेश खन्ना: कुछ तो लोग कहेंगे’ का शुक्रवार को यहां अनावरण किया गया। इस किताब का अनावरण कांग्रेस के नेता सलमान खुर्शीद ने किया।

खुर्शीद ने पुस्तक का अनावरण करते हुए कहा, ‘मैं उन खुशनसीब लोगों में हूं जो राजेश खन्ना को जानते हैं। उनके राजनीति में आने के बाद हमने कई शामें उनके साथ गुजारी थी। मैंने अपने जिंदगी के शीर्ष मकाम पर रहे राजेश खन्ना को भी देखा और मैंने अर्श से फर्श पर आते राजेश खन्ना को भी देखा। मेरा सोचना है कि यह उनकी जिंदगी का अलग पहलू है, लेकिन केवल यह ही काफी नहीं है।’

किताब के लेखक यासिर उस्मान को लिखने में एक साल से ज्यादा का समय लगा। राजेश खन्ना के निर्माता, निर्देशकों और साथ काम करने वालों के साक्षात्कार के जरिये वह राजेश खन्ना की जिंदगी के अनछुए पहलू को सामने ले कर आये हैं।

उस्मान कहते हैं, ‘ये वह अनकही कहानी है जो शायद राजेश खन्न्ना आखिर में दुनिया को खुद सुनाना चाहते थे। वह कहानी जिसमें काका आखिरी बार हीरो के रूप में नजर आयेंगे। शायद अपने खास अंदाज में पलके झपकाते हुए मुस्कुराते हुए वह पाठकों के जेहन में उभर आयेंगे और कहेंगे..‘राजेश खन्ना मरा नहीं..राजेश खन्ना मरते नहीं।’ टेलीविजन पत्रकार और लेखक उस्मान की किताब हिन्दी और अंग्रेजी में हैं और इसे पेंगुइन बुक्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। पुस्तक की प्रस्तावना उनके दोस्त और पटकथा लेखक सलीम खान ने लिखी है।

Trending news