Kerala Aam Aadmi Party News: केरल में राजनीति तेजी से बदल रही है. आम आदमी पार्टी ने इस धुर दक्षिणी राज्य में स्थानीय निकायों की 3 सीटें जीत ली हैं. जबकि बीजेपी ने तिरुवनंतपुरम पर कब्जा जमा लिया है.
Trending Photos
)
Kerala Local Body Elections AAP Win News: देश की राजनीति अब धीरे-धीरे नई करवट लेती दिखाई दे रही है. दिल्ली में असेंबली चुनाव हारने के बाद जिस आम आदमी पार्टी को गुजरा हुआ मान लिया गया था. वह कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक धीरे-धीरे अपना विस्तार कर रही है. पार्टी के खाते में ताजा उपलब्धि केरल से दर्ज हुई है, जहां पर उसके तीन उम्मीदवारों ने स्थानीय निकाय चुनावों में जीत हासिल कीं. देखने में यह सीटें भले ही मामूली लगे लेकिन दोध्रुवीय राजनीति वाले राज्य में राष्ट्रीय पार्टी के लिए ये एक बड़ा कदम है.
नगर निकाय में AAP ने जीतीं 3 सीटें
बताते चलें कि राज्य में कुल 23,576 वार्डों में चुनाव हुए थे. इनमें 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व थीं. AAP की तीन महिला उम्मीदवारों ने इन्हीं रिजर्व सीटों पर जीत हासिल कीं. जीती हुई उम्मीदवारों के नाम बीना कुरियन (करिमकुन्नम वार्ड 13), सिनी एंटनी (मुलेनकोल्ली वार्ड 16) और स्मिता ल्यूक (उझावूर वार्ड 4) हैं.
इन स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी ने 380 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी की रणनीति राज्य में तेजी से अपना विस्तार करने की है, जिससे अगले साल होने वाले असेंबली चुनाव में सत्तारूढ़ LDF और विपक्षी UDF को कड़ी टक्कर दी जा सके.
2020 में हासिल की थी केवल एक सीट
इस जीत के साथ पार्टी ने केरल में अपने पांव और मजबूती से आगे बढ़ा लिए हैं. इससे पहले 2020 में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में AAP को केवल एक सीट मिली थी. उस चुनाव में करिंकुन्नम पंचायत से बीना कुरियन जीतने में सफल रही थीं. वे इस बार भी अपना चुनाव जीत गई हैं. साथ ही राज्य में पार्टी के पास तीन सीट हो गई हैं.
AAP के राज्य अध्यक्ष विनोद मैथ्यू विल्सन ने कहा कि इस जीत से राज्य के मतदाताओं के बदलते मूड का पता चला रहा है. ये जीतें साफ दिखा रही हैं कि केरल के मतदाता धीरे-धीरे पारंपरिक मोर्चों के अलावा विकल्प स्वीकार कर रहे हैं.
बीजेपी ने तिरुवनंतपुरम पर कर लिया कब्जा
इन्हीं चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के NDA ने भी तिरुवनंतपुरम म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन में ऐतिहासिक जीत हासिल की. मेयर के चुनाव में बीजेपी की जीत के साथ ही राज्य की राजधानी में LDF के 4 दशकों के युग का भी अंत हो गया.