Jammu Kashmir Terror News: जम्मू कश्मीर में डॉक्टर के सफेद कोट पर शुक्रवार को उस समय काला दाग लग गया. जब एक डॉक्टर के लॉकर से पुलिस ने एके-47 राइफल बरामद की. इस घटना से कश्मीर में हड़कंप मचा है.
Trending Photos
)
AK-47 rifle recovered from ex-doctor from Anantnag: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) के एक लॉकर से AK-47 राइफल बरामद की है. ये लॉकर किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक पूर्व डॉक्टर का बताया जा रहा है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह राइफल कॉलेज परिसर में उस सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर रहे आदिल अहमद राथर के निजी लॉकर से मिला है, जो 24 अक्टूबर 2024 तक कॉलेज में कार्यरत थे. आदिल अहमद राथर, अब्दुल मजीद राथर के बेटे हैं और अनंतनाग के काजीगुंड इलाके के निवासी हैं.
आरोपी डॉक्टर पुलिस की हिरासत में
सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर पुलिस ने अनंतनाग जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर की मदद से इस हथियार को जब्त किया. इसके बाद आरोपी डॉक्टर आदिल अहमद को पूछताछ के लिए बुलाकर हिरासत में लिया गया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार वहां कैसे पहुंचा और डॉक्टर का उससे कोई संबंध है या नहीं.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 और UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) की धारा 13, 28, 38 और 39 के तहत FIR दर्ज कर ली गई है.
‘मेडिकल कॉलेज या मिस्ट्री स्पॉट?’जांच में जुटी टीमें
मेडिकल कॉलेज के लॉकर से एके-47 राइफल की बरामदगी ने स्टाफ और छात्रों में हड़कंप मचा दिया है. वे इस बरामदगी पर दबे-छिपे शब्दों में बात कर रहे हैं. उधर डॉक्टर के लॉकर से राइफल मिलने के बाद पुलिस ने अपना तलाशी अभियान तेज कर दिया है और अब अन्य जगहों पर भी तलाशी ली जा रही है.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या डॉक्टर का किसी आतंकी संगठन या अवैध नेटवर्क से कोई संबंध रहा है या फिर यह मामला किसी अन्य साजिश का हिस्सा है. फिलहाल अधिकारी यही कह रहे हैं कि “मामला संवेदनशील है, और हर पहलू की जांच हो रही है.”
क्या इन सवालों का मिलेगा जवाब?
इस बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पहला, एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में इतनी बड़ी राइफल कैसे पहुंची? दूसरा, क्या डॉक्टर इस आतंकी नेटवर्क में अकेला था या इसके पीछे कोई नेटवर्क काम कर रहा था? सबसे बड़ा सवाल, क्या सफेद कोट के पीछे कोई दूसरा चेहरा छिपा है?
अभी तक पुलिस ने हथियार के स्रोत या डॉक्टर के संभावित मकदस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी इस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं. वे इस मामले में बाकी कड़ियों को भी जोड़ने में लगे हैं. पुलिस अफसरों का कहना है कि डॉक्टर को हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, पुलिस और अधिक जानकारी सार्वजनिक कर सकती है.