Amit Shah-Rahul Gandhi Lok Sabha Debate News: संसद के शीतकालीन सत्र में आज लोकसभा में जबरदस्त गहमागहमी रही. विपक्ष की ओर से जहां राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी पर सरकार को घेरने की कोशिश की. वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने अपने तंज भरे तर्कों से विपक्ष को मैदान छोड़कर वॉक आउट के लिए मजबूर कर दिया.
Trending Photos
)
Amit Shah-Rahul Clash in Lok Sabha 2025: लोकसभा में बुधवार को उस वक्त अखाड़े जैसी स्थिति बन गई. जब राहुल गांधी ने SIR और कथित वोट चोरी के बम मोदी सरकार पर एक साथ फोड़ दिए. उनके भाषण पर विपक्षी बेंचों पर काफी देर तक तालियां बजती रहीं. वहीं सत्ता पक्ष ने शोर मचाकर आपत्ति जताई. इसी शोरगुल के बीच राहुल ने कहा, SIR असल में वोट चोरी का तरीका है… हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोट मिले… हर आठवां वोट चोरी हुआ… और यह खेल कई राज्यों में चल रहा है!
संस्थाओं पर सरकार का पूरी तरह कब्जा- राहुल गांधी
राहुल इतने पर नहीं रुके. उन्होंने EVM से लेकर CCTV फुटेज और वोटर-लिस्ट की मशीन-रीडेबल फाइलों तक सवालों की झड़ी लगा दी. उन्होंने दावा किया कि ये चुनाव सुधार नहीं हैं बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने की संगठित कोशिश है. उन्होंने कहा कि संस्थाओं पर सरकार का पूरी तरह कब्जा हो चुका है और SIR इसी सत्तातंत्र को बनाए रखने का एक हिस्सा है.
राहुल ने इन तीखे आरोपों से सदन में एकाएक गर्मी बढ़ गई. इसके बाद सरकार की ओर से जवाब देने के लिए गृह मंत्री अमित शाह मैदान में उतरे. उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में ऐसे मोर्चा संभाला, जैसे बम निरोधक दस्ते का कमांडर एक-एक कर विस्फोटक निष्क्रिय कर रहा हो.
कांग्रेस SIR पर झूठ फैला रही - अमित शाह
अमित शाह ने सबसे पहले SIR पर लगे 'वोट चोरी' वाले आरोप को डिफ्यूज किया. गृह मंत्री बोले, 'कांग्रेस SIR पर झूठ फैला रही है. यह मतदाता सूची को पवित्र करने की प्रक्रिया है और इसमें चोरी की गुंजाइश नहीं है.' उन्होंने जोड़ा कि SIR का विरोध वही कर रहे हैं जो फर्जी और डुप्लीकेट वोटों पर निर्भर राजनीति करते हैं.
संसद में अमित शाह और राहुल गांधी में तीखी बहस, गृहमंत्री बोले- मेरे भाषण का क्रम मैं तय करूंगा
हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोट मिलने के दावे पर शाह ने कहा कि कांग्रेस बिना सबूत सिर्फ भ्रम फैला रही है. उसके नेता शोर तो मचाते हैं लेकिन आज तक इस संबंध में आयोग को कोई शिकायत नहीं की है. EVM और CCTV पर उठे सवालों पर उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव आयोग पूरी तरह स्वतंत्र है और उस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है. उसकी पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और स्वायत्त होती हैं.
'असली वोट तो कांग्रेस ने 1975 में की थी'
अमित शाह को रौं में आते देख सत्ता पक्ष की बेंच की ओर से तालियां बजाई गईं. विपक्ष पर तीखा वार करते हुए कहा, 'असली वोट चोरी तो 1975 में हुई थी, जब इंदिरा गांधी ने गलत तरीके से चुनाव जीता था. हाईकोर्ट ने जब उनका चुनाव रद्द किया तो उन्होंने संसद में कानून पास करवाकर पीएम पद को मुकदमेबाजी से संरक्षण दिलवाकर खुद की कुर्सी सेफ कर ली और फिर देश में इमरजेंसी लगा दी.'
उन्होंने कहा कि यह देश भारतीयों का है और यहां पर सरकार कौन बनाएगा, यह यहां की जनता तय करेगी, घुसपैठिए नहीं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को खतरा SIR से नहीं बल्कि बेबुनियाद आरोपों की राजनीति से है. गृह मंत्री ने कहा कि SIR चुनाव सुधार का काम है, साजिश नहीं.