Advertisement
trendingNow13007834

Delhi Blast: 'दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के गुनहगारों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे', आतंकवाद पर गरजे अमित शाह

Delhi Blast Amit Shah: अमित शाह ने सोमवार को कहा कि वह दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे और उनको सख्त सजा दी जाएगी. जोनल काउंसिल की बैठक में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में आतंक का समूल जड़ से विनाश करना ही प्राथमिकता है.

Delhi Blast: 'दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के गुनहगारों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे', आतंकवाद पर गरजे अमित शाह

Delhi Blast: दिल्ली बम धमाकों की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे ही दहशतगर्दों का प्लान सामने आ रहा है. पूरे देश में इस हमले को लेकर आक्रोश है. लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं. इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि वह दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे और उनको सख्त सजा दी जाएगी.

'सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे'

जोनल काउंसिल की बैठक में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में आतंक का समूल जड़ से विनाश करना ही प्राथमिकता है. अमित शाह ने कहा, मोदी सरकार के अब तक के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए हम गुनहगारों को पाताल से भी खोज निकालेंगे और उनको सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे.  

Add Zee News as a Preferred Source

एक और आतंक का मददगार गिरफ्तार

दूसरी ओर, दिल्ली के लाल किला इलाके में 10 नवंबर को हुए बम धमाके मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एनआईए ने धमाके में शामिल आतंकवादी के एक और अहम सहयोगी को गिरफ्तार किया है.

आरोपी की पहचान कश्मीर के रहने वाले जसीर बिलाल वानी उर्फ ​​दानिश के रूप में हुई है. एनआईए की एक टीम ने आरोपी को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से गिरफ्तार किया है. एनआईए की जांच से पता चला है कि जसीर ने आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए तकनीकी सहायता दी थी. इस कार बम विस्फोट में 15 लोग मारे गए थे और 32 लोग घायल हुए थे.

बनाई थी नरसंहार की योजना

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के काजीगुंड का निवासी आरोपी जसीर बिलाल इस हमले का सक्रिय सह-षड्यंत्रकारी था और उसने आतंकवादी उमर उन नबी के साथ मिलकर इस आतंकी नरसंहार की योजना बनाई थी.

एनआईए बम धमाके के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है. आतंकवाद-रोधी एजेंसी की कई टीमें विभिन्न सुरागों का पता लगा रही हैं और आतंकी हमले में शामिल हर शख्स की पहचान के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही हैं.

रविवार को गिरफ्तार हुआ था आमिर राशिद

एक दिन पहले इस मामले में एनआईए ने रविवार को कश्मीर के रहने वाले आमिर राशिद अली नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था. आमिर राशिद अली ने आत्मघाती हमलावर के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की साजिश रची थी.

केंद्रीय जांच एजेंसी ने आमिर राशिद अली को राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस से मामला अपने हाथ में लेने के बाद एनआईए ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था.

एनआईए की जांच से पता चला था कि जम्मू-कश्मीर के पंपोर स्थित संबूरा निवासी आरोपी ने आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर आतंकी हमला करने की साजिश रची थी. आमिर उस कार को खरीदने में मदद करने के लिए दिल्ली आया था, जिसका इस्तेमाल विस्फोट करने के लिए वाहन-आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के रूप में किया गया था.

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Zee News Hindi पर. Hindi News और India News in Hindi के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.

About the Author
author img
Rachit Kumar

नवभारत टाइम्स अखबार से शुरुआत फिर जनसत्ता डॉट कॉम, इंडिया न्यूज, आजतक, एबीपी न्यूज में काम करते हुए साढ़े 3 साल से ज़ी न्यूज़ में हैं. शिफ्ट देखने का लंबा अनुभव है.

...और पढ़ें

TAGS

Trending news