BJP नेता लॉकेट चटर्जी ने TMC से सस्पेंड विधायक हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में कभी दोबारा बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी. यह बयान तब आया जब कबीर ने 6 दिसंबर को मस्जिद की नींव रखी. कबीर ने कहा कि संविधान के तहत मस्जिद बनाना अधिकार है, लेकिन चटर्जी ने अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का हवाला देते हुए विरोध जताया.
Trending Photos
)
Humayun Kabir: भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने TMC से सस्पेंड किए गए विधायक हुमायूं कबीर पर जोरदार निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भारत में कभी दोबारा बाबरी मस्जिद नहीं बनाई जा सकती. लॉकेट चटर्जी का यह बयान उस वक्त आया है जब 6 दिसंबर को विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की नींव रखी. इस दौरान भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे.
हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं कुछ भी गैर-कानूनी नहीं कर रहा हूं. कोई भी व्यक्ति मंदिर, चर्च बना सकता है और मैं मस्जिद बनाऊंगा. कहा जा रहा है कि बाबरी मस्जिद नहीं बन सकती. कोर्ट ने भी साफ कहा कि भारतीय संविधान में लिखा है कि कोई भी मस्जिद बना सकता है, यह एक अधिकार है. हुमायूं कबीर के बयान पर भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि एक बात बिल्कुल साफ है कि बाबरी मस्जिद कभी दोबारा नहीं बनेगी. अयोध्या में जहां बाबरी मस्जिद गिराई गई थी, वहां भव्य राम मंदिर बन चुका है और देश-विदेश के लोग इसके उद्घाटन में शामिल हुए थे.
लॉकेट चटर्जी ने सीएम ममता पर भी साधा निशाना
भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार कुछ खास समूहों को खुश करने की राजनीति कर रही है, लेकिन उस जगह पर अस्पताल, स्कूल या कॉलेज बनाना कहीं ज्यादा बेहतर होता. यह सब कुछ सिर्फ मुस्लिम वोटरों को एकजुट करने के लिए किया जा रहा है. हिंदू समाज भी सब कुछ देख रहा है और वह पूरी तरह से एकजुट है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि उन्हें मालूम है कि वह क्या कर रही हैं. ममता बनर्जी चुनाव से पहले मुस्लिम वोट पाने के लिए साजिश रच रही हैं, लेकिन इस बार उनकी कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होने वाली है. बता दें, पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं.