स्वतंत्रता दिवस विशेष : 40 वर्षों से तिरंगा झंडा बना रहे हैं अब्दुल सत्तार
Advertisement

स्वतंत्रता दिवस विशेष : 40 वर्षों से तिरंगा झंडा बना रहे हैं अब्दुल सत्तार

राष्ट्रीय पर्व के माहौल में अब्दुल सत्तार चौधरी की दुकान तिरंगे के रंग से गुलजार रहती है.

रांची के अब्दुल सत्तार चौधरी 40 वर्षों से तिरंगा बना रहे हैं.

रांची : देश 72वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. इस दिन दिल्ली के लाल किले सहित देश क विभिन्न जगहों पर तिरंगा फहराया जाता है. आज हम आपको बीते 40 वर्षों से तिरंगा बनाने वाले अब्दुल सत्तार चौधरी के बारे में बताते हैं. गणतंत्र दिवस हो या स्वतंत्रता दिवस, रांची और इसके आसपास के शिक्षण संस्थानों के लोग इनकी दुकान से ही राष्ट्रीय ध्वज लेकर जाते हैं.

अपने जीवन के 65 बसंत पार कर चुके अब्दुल सत्तार कहते हैं कि जब देश के जवान किसी आतंकी हमले के शिकार हो जाते हैं, उस वक्त बहुत दुख होता है. इनकी दुकान अपर बाजार स्थित जामिया मस्जिद के पास है, जहां सिलाई मशीन के सहारे देश का गौरव तिरंगा बनाया जाता है.

राष्ट्रीय पर्व के माहौल में अब्दुल सत्तार चौधरी की दुकान तिरंगे के रंग से गुलजार रहती है. वह बताते हैं कि राष्ट्रीय ध्वज बनाना स्वतंत्रता दिवस से एक महीना पहले ही शुरू कर देते हैं. केसरिया, सफेद और हरे रंग के कपड़ों को सिलकर झंडा का रूप देते हैं, जिस पर देश का हर-एक नगरिक गर्व महसूस करता है.

उनका कहना है कि पूरे विश्व में भारत ही एकमात्र देश है, जहां सभी धर्म और संप्रदाय के लोग सौहार्द के साथ रहते हैं और देश की अखंडता को बनाए रखते हैं.