)
Bihar News: बिहार के अरवल जिला से एक हैरान और शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. वलीदाद में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रिंसिपल पर छात्राओं ने गंभीर शोषण के आरोप लगाए हैं. छात्राओं का कहना है कि पढ़ाई की जगह नौकरानी की तरह काम कराया जाता है. वहीं इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके कारण मामला तूल पकड़ चुका है.
अरवल जिले के वलीदाद कलेर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने अपनी ही प्रिंसिपल बिनीता कुमारी पर जघन्य शोषण के आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि बच्चियों से तेल मालिश, कपड़े धोना, बर्तन साफ करना और यहां तक कि खाना-नाश्ता बनाने तक का काम कराया जाता है. छात्राओं का कहना है कि प्रिंसिपल अपने परिवार के लोगों को भी छात्रावास में ठहराती हैं और उनके निजी काम भी उन्हीं से करवाती हैं. हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कई छात्राएं विद्यालय छोड़ चुकी हैं, जबकि बाकी के परिजन अपनी बेटियों को घर ले जाने की सोच रहे है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्राओं ने अपनी शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को सौंपी है. शिकायत पत्र में विस्तार से उन कामों का उल्लेख किया गया है, जिन्हें करने के लिए बच्चियों को मजबूर किया जाता था. वहीं, विद्यालय के गार्ड ने भी स्वीकार किया है कि छात्राओं की संख्या तेजी से कम हुई है. उनके अनुसार, विद्यालय में कुल 75 छात्राएं थीं, जिनमें से अब केवल 63 बची हैं. अधिकांश बच्चियां विद्यालय छोड़ चुकी हैं और बाकी भी जाने की तैयारी में हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया है.लोग कह रहे हैं कि जहां बच्चियों को शिक्षा और सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए था, वहां उनके साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कब और कैसी कार्रवाई करता है. छात्राओं की मांग है कि दोषी प्रिंसिपल को तत्काल हटाकर विद्यालय में सुरक्षित और पढ़ाई योग्य माहौल सुनिश्चित किया जाए.
इनपुट: संजय कुमार रंजन
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!