)
Begusarai: बेगूसराय जिले में नाली के गंदा पानी को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है. एक परिवार ने नाली का गंदा पानी बहाने से मना किया तो दबंगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार की जमकर पिटाई कर दी. मारपीट का यह वीडियो भी सामने आया है. घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जागीर मोहल्ला वार्ड-21 का है. घटना बुधवार की शाम की है.
दरअसल, पड़ोसियों के बीच कहासुनी के बाद एक दर्जन से अधिक दबंगों ने पड़ोसी परिवार पर हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले छत्तीस राम, बत्तीस राम और मानिक राम अपने घर के बाथरूम का गंदा पानी आए दिन पड़ोसी के घर के आगे बहाते हैं. इसका विरोध करने पर बुधवार की देर शाम को पहले दो महिलाओं के बीच कहासुनी हुई.
घायल चंदन कुमार और चंद्रप्रकाश ने बताया कि वे दोनों अपने पिता के सहयोग से मेन बाजार न्यू मार्केट में चाय की दुकान चलाते हैं. जब पिता और मां पर हमला हुआ तो सूचना पाकर वे घर पहुंचे और विवाद का कारण पूछा. इसी दौरान दबंगों ने लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर से उन पर भी हमला कर दिया.
चंदन ने आरोप लगाया कि लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया गया, जिससे उसका सिर फट गया. चंद्रप्रकाश ने बताया कि उसकी आंख फोड़ने की नीयत से लाठी से वार किया गया. हालांकि, आंख तो बच गई, लेकिन आंख के पास गंभीर चोट आई है.
मारपीट में चंदन और चंद्रप्रकाश के अलावा उनके माता-पिता भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. हालांकि, हमलावर घटना के बाद से फरार हो गए. पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर लिया है.
रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!