)
बिहार में ऊर्जा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में राज्य का सबसे बड़ा पावर प्लांट बनने जा रहा है. यह पावर प्लांट 2400 मेगावाट क्षमता का होगा और इसे 21 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा. इस परियोजना का निर्माण अडानी पावर ग्रुप को सौंपा गया है.
पीएम कर सकते हैं शिलान्यास
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पुर्णिया से इस परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं. ऊर्जा विभाग के मुख्य सचिव मनोज कुमार और मैनेजिंग डायरेक्टर महेन्द्र कुमार ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक की.
हेलीकॉप्टर से पहुंचे अधिकारी
मुख्य सचिव मनोज कुमार हेलीकॉप्टर से सीधे निरीक्षण स्थल पर पहुंचे. वहां उनका स्वागत डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदयकांत, ऊर्जा विभाग के अधिकारी और अडानी ग्रुप के प्रतिनिधियों ने किया. निरीक्षण के बाद ट्रायसम भवन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई.
अक्टूबर तक पूरा होगा पेयरिंग का काम
बैठक में मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अक्टूबर माह तक पेयरिंग का काम पूरा कर लिया जाए और इसे अडानी ग्रुप को सौंप दिया जाए. उन्होंने कहा कि यह पावर प्लांट बिहार के लिए मील का पत्थर साबित होगा.
रोजगार और विकास की नई उम्मीद
मुख्य सचिव ने कहा कि पावर प्लांट शुरू होने से राज्य में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा. वहीं, डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि काम शुरू होने से पहले कुछ छोटे-छोटे मुद्दों पर चर्चा की गई है. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.
इनपुट-अश्विनी कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!