भोजपुरी फिल्म 'आपन कहाये वाला के बा' ओटीटी प्लेटफॉर्म और दंगल ऐप पर रिलीज हो गई है. फिल्म का लेखन, निर्देशन और गीत-संगीत सभी उच्च स्तर के हैं. गीतकार मनोज भावुक और निर्देशक-संगीतकार रजनीश मिश्रा की जोड़ी ने पारिवारिक रिश्तों की कहानी को दिलचस्प और मनोरंजक ढंग से पेश किया है.
Trending Photos
)
भोजपुरी फिल्म 'आपन कहाये वाला के बा' 27 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म भोजपुरी सिनेमा और दंगल ऐप पर रिलीज हुई. इस फिल्म की कहानी और गीत-संगीत इतने शानदार हैं कि दर्शक सिर्फ देखने-सुनने तक ही सीमित नहीं रहते, बल्कि खुद को कहानी और गीतों से जुड़ा महसूस करते हैं. फिल्म की कहानी घर-घर की यथार्थवादी है और आम आदमी के जीवन के अनुभवों से मेल खाती है.
इतिहास बताता है कि जब भी भोजपुरी सिनेमा में किसी साहित्यकार ने गीत लिखा, वह फिल्म सुपरहिट रही. शैलेन्द्र, मजरूह अंजान जैसे दिग्गज हिंदी और भोजपुरी गीतकारों ने जब भोजपुरी फिल्मों के लिए गीत लिखे, फिल्में सुपर-डुपर हिट हुईं. मोती बीए, लक्ष्मण शाहाबादी, भोलानाथ गहमरी, उमाकांत वर्मा, रामनाथ पाठक प्रणयी और ब्रजकिशोर दुबे ने जिन फिल्मों में गीत लिखे, वे सभी हिट साबित हुई.
उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब भोजपुरी साहित्यकार और शायर मनोज भावुक का नाम जुड़ा है. मनोज भावुक ने भोजपुरी सिनेमा के इतिहास पर पुस्तक भी लिखी है और उन्हें सिनेमा व साहित्य के बीच की मजबूत कड़ी माना जाता है. शारदा सिन्हा, भरत शर्मा, मालिनी अवस्थी, कल्पना पटवारी, मनोज तिवारी और रवि किशन जैसे कलाकार उनके गीतों के प्रशंसक हैं. फिल्मफेयर और फेमिना जैसी संस्थाओं ने उन्हें सम्मानित किया और दिल्ली प्रेस ने बेस्ट राइटर का खिताब दिया.
फिल्म 'आपन कहाये वाला के बा' के निर्देशक और संगीतकार हैं रजनीश मिश्रा, जो कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं. उनकी भोजपुरी मिट्टी, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों की गहरी समझ फिल्म में साफ झलकती है. मनोज भावुक और रजनीश मिश्रा की जोड़ी पहले 'मेंहदी लगा के रखना' फिल्म में सफल रही थी और अब इस फिल्म के सभी गीतों को मनोज भावुक ने लिखा है.
फिल्म में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं भोजपुरी सिनेमा के बड़े विलेन अवधेश मिश्रा, लेकिन इस फिल्म में वह विलेन नहीं हैं. साथ ही अंजना सिंह, देव सिंह, माया यादव, प्रीति मौर्या, संयुक्ता राय, रिंकू भारती, राघव पांडेय, अमरीश सिंह और राम सूजन सिंह ने अपने सशक्त अभिनय से कहानी को जीवंत बना दिया. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी सुनील अहीरे, कोरियोग्राफी विवेक थापा, एक्शन दिनेश यादव, कला नौशाद अंसारी और कॉस्ट्यूम विद्या-विष्णु का है.
फिल्म के गीत दर्शकों के दिलों को छूते हैं. प्रियंका सिंह की आवाज में 'भउजी जब खिसियाली बड़ी काड़ा लागेली / बाकिर हँस के छोहाली त छोहाड़ा लागेली' जैसे गीत रिश्तों की नोक-झोंक और मर्म को दर्शाते हैं. 'धान कुटाये लागल, हरदी कुंचाये लागल / लगनौती बबुनी के मन कसमसाये लागल' एक बेहतरीन रीति-रिवाज गीत है. 'फोटउआ में बानी लुकाइल का निकलीं / बहुत बात रउरा से बोले के बाटे' जैसे गीत दुल्हन के अंतर्मन को व्यक्त करते हैं.
फिल्म का टाइटल ट्रैक 'आपन कहाये वाला के बा' स्वयं संगीतकार रजनीश मिश्रा ने गाया है. अवधेश मिश्रा, माया यादव, देव सिंह और अंजना सिंह के एक्सप्रेशन इसे और प्रभावशाली बनाते हैं. फिल्म में शादी की पूर्व संध्या पर मस्ती-मजाक वाला गीत भी है, जिसमें भाभियां ननद को संदेश देती हैं कि 'अइसे मुस्का के कनखी से देखबू तब त परिवार बढ़हीं के बाटे'.
फिल्म देखने के बाद लेखन, निर्देशन और गीत-संगीत की खूब चर्चा हो रही है. आलोचकों का मानना है कि 'आपन कहाये वाला के बा' के जरिए भोजपुरी फिल्मों का कंटेंट फिर अपने सुनहले दौर में लौट रहा है. यह फिल्म फैमिली ड्रामा और एंटरटेनमेंट का बेहतरीन मिश्रण है.
ये भी पढ़ें- फिल्म 'आपन कहाये वाला के बा' का प्रीमियर आज, जानें कहां और कब मिलेगा देखने को
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!