)
Varun Dhawan and Khesari Lal Yadav Panwadi Song: बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी को लेकर सुर्खियों में हैं. इसी बीच उनका एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ पनवाड़ी गाने पर थिरकते नजर आ रहे हैं. दोनों सितारों का यह अनोखा कोलैब फैन्स को खूब पसंद आ रहा है.
वरुण धवन ने अपने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वे और खेसारी रंग-बिरंगे आउटफिट्स में गाने पर मस्ती करते हुए दिख रहे हैं. डांस करते-करते वरुण अचानक पानी में गिर जाते हैं और तुरंत ही खेसारी भी उन्हें जॉइन कर लेते हैं. दोनों स्विमिंग पूल में भी नाचते नजर आते हैं और आखिर में गले मिलते हैं.
वीडियो शेयर करते हुए वरुण ने कैप्शन लिखा– "किसे पता था कि पनवाड़ी के पीछे वाली गली में स्विमिंग पूल होगा." उन्होंने आगे लिखा कि फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी 2 अक्टूबर को रिलीज हो रही है और भोजपुरी समाज के लिए यह फिल्म खास होगी.
इस वीडियो पर कई सेलेब्स ने कमेंट किया. करण जौहर ने हंसी और हार्ट इमोजी बनाए, जबकि विनीत कुमार सिंह ने फनी रिएक्शन दिया. मनीष पॉल ने लिखा– "लव यू दोस्तों, वरुण और खेसारी." वहीं खेसारी के फैंस इस कोलैब को देखकर काफी खुश हैं. किसी ने लिखा कि यह उम्मीद नहीं थी, जबकि एक यूजर ने लिखा– "खेसारी भइया जियो, छा गए."
पनवाड़ी गाना 10 सितंबर को रिलीज हुआ था, जिसे खेसारी लाल यादव और हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने गाया है. यह गाना फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का हिस्सा है और सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है.
शशांक खेतान निर्देशित इस फिल्म में वरुण धवन के अपोजिट जाह्नवी कपूर नजर आएंगी. इसके अलावा मनीष पॉल, रोहित सराफ और सान्या मल्होत्रा भी अहम भूमिकाओं में होंगे. फिल्म को गांधी जयंती और दशहरे की छुट्टी के दिन, 2 अक्टूबर को रिलीज किया जाएगा.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!