सीओ की पिटाई की साजिश के आरोप में आरजेडी विधायक पर FIR दर्ज
Advertisement

सीओ की पिटाई की साजिश के आरोप में आरजेडी विधायक पर FIR दर्ज

बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार रात को दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर करमा मोड़ के पास सीओ तारा प्रकाश के साथ मारपीट की घटना हुई थी. अब यह घटना चर्चा का विषय बन गया है.

आरजेडी विधायक पर दाउदनगर थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है.

औरंगाबादः बिहार के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार रात को दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर करमा मोड़ के पास सीओ तारा प्रकाश के साथ मारपीट की घटना हुई थी. अब यह घटना चर्चा का विषय बन गया है. दरअसल सीओ तारा प्रकाश ने ओबरा के आरजेडी विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा और आरजेडी के दाउदनगर प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह पर साजिश के तहत भीड़ को उसकाने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है.

तारा प्रकाश ओबरा सीओ के साथ-साथ दाउदनगर सीओ के अतिरिक्त प्रभार में है. दाउदनगर औरंगाबाद मुख्य पथ पर ऊब भट्ठी गांव के पास अज्ञात वाहन के धक्के से गंभीर रूप से जख्मी दाउदनगर प्रखंड के करमा कला निवासी रवि रंजन कुमार की मौत इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में हो गयी थी. 

रवि रंजन की मौत के बाद परिजन उसके शव को लेकर अपने घर चले गये. घटना की सूचना पाकर ओबरा विधायक भी मृतक के घर पहुंच गये. सूत्रों के अनुसार ओबरा थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में ओबरा थाना की पुलिस भी मृतक के घर पहुंच गयी और निर्धारित औपचारिकता को पूरी करते हुए शुक्रवार की देर शाम मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया जा रहा था. 

दौरान मुआवजा की मांग को लेकर करमा मोड़ के पास ग्रामीणों ने NH 139 स्थित दाउदनगर औरंगाबाद मुख्य पथ को जाम कर दिया. प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारियों ने पहुंच कर सड़क जाम किये भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण मुआवजा की मांग पर अड़े हुई थे.

रात में जब सीओ तारा प्रकाश मुआवजे का चेक लेकर जाम स्थल पर पहुंचे तो उन्हें आक्रोश झेलना पड़ा. उनके साथ दुर्व्यवहार की घटना घटी. उनके साथ धक्का मुक्की भी हुई. सीओ के काफी देर से पहुंचने के कारण ग्रामीण आक्रोशित थे.

ओबरा के अंचलाधिकारी तारा प्रकाश ने ओबरा के आरजेडी विधायक वीरेंद्र कुमार सिन्हा और आरजेडी के दाउदनगर प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह पर साजिश के तहत भीड़ को उसकाते हुए जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज कराया है.