FIH जूनियर महिला वर्ल्ड कप हॉकी के लिए भारतीय टीम घोषित, झारखंड की सलीमा टेटे करेंगे अगुवाई
Advertisement

FIH जूनियर महिला वर्ल्ड कप हॉकी के लिए भारतीय टीम घोषित, झारखंड की सलीमा टेटे करेंगे अगुवाई

आगामी 1 से 12 अप्रैल तक साउथ अफ्रीका में आयोजित होने वाली एफआईएच जूनियर महिला वर्ल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम की अगुवाई  सलीमा टेटे करेंगी. गुरुवार को20 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की गई.

 (फाइल फोटो)

Ranchi: आगामी 1 से 12 अप्रैल तक साउथ अफ्रीका में आयोजित होने वाली एफआईएच जूनियर महिला वर्ल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम की अगुवाई  सलीमा टेटे करेंगी. गुरुवार को20 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की गई. इनमें झारखंड की तीन प्लेयर सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग भी शामिल हैं. तीनों खिलाड़ी सिमडेगा जिले की हैं.

भारतीय टीम की कैप्टन बनाई गईं सलीमा टेटे ने टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था. वह सिमडेगा जिला के सदर प्रखंड के बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं. ब्यूटी डुंगडुंग और संगीता कुमारी केरसई प्रखंड के करगागुड़ी के रहने वाली हैं. तीन प्लेयर इन दिनों भुवनेश्वर में चल रहे कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं.

एफआईएच जूनियर महिला वल्र्ड कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय महिला हॉकी टीम ग्रुप डी में है. इस ग्रुप में मलेशिया, जर्मनी और वेल्स की टीमें हैं. भारत का पहला मैच 2 अप्रैल को वेल्स के खिलाफ, 3 अप्रैल को जर्मनी के खिलाफ और 5 अप्रैल को मलेशिया के खिलाफ होगा.

सलीमा की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है. सलीमा और संगीता नेएफआईएच प्रो लीग में स्पेन के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए शानदार खेल दिखाया था.  दो दिन पूर्व ही जर्मनी के खिलाफ भी दोनों खिलाड़ियों ने पेनाल्टी शूटआउट में गोल कर भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम को जीत दिलाई थी. ब्यूटी डुंगडुंग भी फॉरवर्ड लाइन की एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. पिछले वर्ष चिली दौरे में जूनियर भारतीय महिला टीम की टॉप स्कोरर थीं.

तीनों खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, महासचिव विजय शंकर ने खुशी जताई है. हॉकी झारखंड के अध्यक्ष ने इसे झारखंड हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे और खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.

(इनपुट:आईएएनएस) 

Trending news