)
Buxar Assembly Seat Profile: बिहार के बक्सर जिला को भला कौन नहीं जानता है. यहां दो दो निर्णायक युद्ध लड़े गए थे. पहला- चौसा का युद्ध, जिसमें मुगल सम्राट हुमायूं को शेर शाह सूरी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था. दूसरा- बक्सर का युद्ध, जिसमें अंग्रेजों ने भारतीय राजाओं से मुकाबला किया था. बनारस के महाराजा बलवंत सिंह, बंगाल के नवाब मीर कासिम, अवध के नवाब शुजा-उद-दौला, और मुगल सम्राट शाह आलम द्वितीय की सेनाओं के बीच समन्वय की कमी के कारण अंग्रेज यह लड़ाई जीत गए थे. इसी युद्ध के बाद अंग्रेजों ने भारत को गुलामी की जंजीरों में जकड़ लिया था. गंगा नदी के तट पर स्थित, बक्सर अपनी सीमाएं उत्तर प्रदेश के बलिया और गाजीपुर जिलों के साथ साझा करता है.
चुनावी इतिहास
बक्सर विधानसभा सीट की बात करें तो इसकी स्थापना 1951 में हुई थी और अभी तक 17 बार विधायक चुने गए हैं. कांग्रेस को यहां सबसे ज्यादा 10 बार कामयाबी हासिल हुई है. हालांकि, पिछले सात चुनावों में बीजेपी ने तीन बार मैदान फतह किया है और चार बार उपविजेता रही है. 1990 और 1995 में लगातार दो बार सीपीएम को भी कामयाबी मिली. तो वहीं 1967 में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी और 2005 में बहुजन समाज पार्टी का विधायक रह चुका है. खास बात यह है कि बिहार दो बड़े दलों (आरजेडी और जेडीयू) का यहां कभी खाता नहीं खुल सका है. 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के संजय तिवारी ने बीजेपी के परशुराम चौबे को हराया था. 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी को झटका लगा था और राजद से मात्र 1436 वोटों के छोटे अंतर से पीछे रह गई थी.
जातीय समीकरण
इस सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो बक्सर संसदीय क्षेत्र में ब्राह्मण 3.75 लाख हैं, तो यादव मतदाता लगभग 3.40 लाख हैं. वहीं राजपूत जाति के 2.90 लाख के करीब मतदाता है. भूमिहार जाति की भी अच्छी खासी आबादी है. मुसलमान मतदाता की आबादी करीब 1.30 लाख है. इसके अतिरिक्त कुर्मी, वैश्य, दलित, कुशवाहा सहित अन्य जातियों की भी अच्छी खासी आबादी है. अतिपिछड़ी जाति की संख्या चुनाव परिणाम में उलटफेर कर देने में अहम भूमिका निभा सकती है.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!