झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए प्रचार समाप्त
Advertisement

झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए प्रचार समाप्त

झारखंड में पांच चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।

रांची : झारखंड में पांच चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।

धनबाद और बोकारो निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार शाम पांच बजे समाप्त हुआ जबकि बाकी 13 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार तीन बजे ही खत्म हो गया। इस चरण में माधुपुर, देवघर (अजा), बागोडर, जमुआ (अजा), गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनक्यारी (अजा), सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा में वोट डाले जायेंगे। इनमें से कई निर्वाचन क्षेत्र माओवादी हिंसा से प्रभावित हैं।

इन सीटों पर 217 प्रत्याशी चुनावी दंगल में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा :झामुमो: और बहुजन समाज पार्टी ने अधिकाधिक 14-14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं जबकि झारखंड विकास पार्टी (प्रजातांत्रिक) ने 13, भाकपा ने तीन, माकपा एवं राकांपा ने दो-दो प्रत्याशियों पर दांव लगाया है। इस चरण में कुल 43,48,709 मतदाता हैं जिनमें से 2,23,626 मतदाता 18-19 वर्ष आयुवर्ग के हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक दिग्गजों ने यहां प्रचार किया और मतदाताओं से झारखंड को विकास के मार्ग पर लाने के लिए बहुमत देने की अपील की। इस चरण के 217 प्रत्याशियों में तीन मंत्री--मन्नान मलिक (कांग्रेस-धनबाद), सुरेश पासवान (राजद-देवघर), हाजी हुसैन अंसारी (झामुमो-मधुपुर) और 16 महिलाएं हैं। ग्यारह विधायक पुनर्निर्वाचन की जुगत में हैं। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का गिरिडीह सीट पर अपने पूर्व शिष्य भाजपा प्रत्याशी निर्भय शहबादी से मुकाबला है। तीसरे चरण में भी वह धनवार सीट पर चुनाव लड़ रहे थे।

चुनाव पूर्व गठजोड़ के मुताबिक भाजपा इस चरण में 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि उसके सहयोगी आजसू ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं । इसी तरह कांग्रेस और राजद मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, कांग्रेस आठ और राजद चार सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। बोकारो सीट पर सर्वाधिक 28 उम्मीदवार हैं जबकि जमुआ, चंदनक्यारी और टुंडी सीटों पर सबसे कम 10-10 प्रत्याशी हैं।

इस चरण में कुल 3718 मतदान केंद्रों में से 716 अतिसंवेदनशील और 2007 संवेदनशील घोषित किए गए हैं जबकि 615 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं। चुनाव आयोग 335 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग कराएगा। आयोग ने 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 27,410 चुनावकर्मी तैनात किए हैं।