)
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले की संघरी घाटी रविवार को एक बार फिर दर्दनाक हादसे की गवाह बनी. कोयला लदा एक ट्रक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 40 वर्षीय जमुना यादव के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के डुमरांव, कोकर गांव के रहने वाले थे.
जानकारी के अनुसार, जमुना यादव झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ कोल परियोजना से कोयला लेकर बिहार जा रहे थे. जैसे ही ट्रक संघरी घाटी के ढलान पर पहुंचा, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया. ट्रक पर से नियंत्रण खोने की आशंका में चालक ने जान बचाने के लिए छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश वे उसी ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, संघरी घाटी पर इस तरह की दुर्घटनाएं आम हो गई हैं. ब्रेक फेल और तीव्र ढलान के कारण पहले भी यहां कई ट्रक हादसाग्रस्त हो चुके हैं और कई चालक अपनी जान गंवा चुके हैं. लगातार हो रही इन घटनाओं ने इस घाटी को “मौत की घाटी” की पहचान दे दी है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चतरा सदर अस्पताल भेजा और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. ट्रक पूरी तरह कोयले से भरा हुआ था, जिसे बाद में सुरक्षित किया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक के छोटे भाई सरयू यादव ने कहा कि परिवार का सहारा छिन गया है. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संघरी घाटी पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि बार-बार होने वाली ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके. लोगों का कहना है कि जब तक यहां ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक इस घाटी से गुजरने वाले ड्राइवर हमेशा जान के खतरे में रहेंगे.
इनपुट- धर्मेन्द्र पाठक
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!