झारखंड में जीत से कांग्रेस उत्साहित, 18 लाख नए सदस्यों को जोड़ेगी पार्टी
Advertisement

झारखंड में जीत से कांग्रेस उत्साहित, 18 लाख नए सदस्यों को जोड़ेगी पार्टी

झारखंड विधानसभा में कांग्रेस को भारी सफलता हासिल हुई और पार्टी ने 16 सीट पर जीत दर्ज किया. इस सफलता से उत्साहित होकर कांग्रेस अपना जनाधार बढ़ाने में जुट चुकी है.

झारखंड में जीत से कांग्रेस उत्साहित हैं. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद कांग्रेस काफी उत्साहित नजर आ रही है. सत्ता में काबिज होने के बाद कांग्रेस लगातार घर-घर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. एक तरफ जहां प्रमण्डलवार सदस्यता अभियान की शुरूआत कर 18 लाख से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने की कवायद शुरू की है. तो वहीं, दूसरी तरफ महिला मोर्चा भी सदस्यता अभियान के साथ-साथ सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और उसकी जानकारी देने में जुटी है.

इसी क्रम में, गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महिला मोर्चा की तमाम पदाधिकारी की बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता झारखंड महिला कांग्रेस प्रभारी नेता डिसूजा और झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने की.

दरअसल, झारखंड विधानसभा में कांग्रेस को भारी सफलता हासिल हुई और पार्टी ने 16 सीट पर जीत दर्ज किया. इस सफलता से उत्साहित होकर कांग्रेस अपना जनाधार बढ़ाने में जुट चुकी है. प्रमंडलवार सदस्यता अभियान की शुरुआत कर कांग्रेस ने 18 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है. साथ ही घोषणा पत्र में किए गए वादों को जनता तक पहुंचाने को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं को टास्क दिया है कि लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी पहुंचाएं.

वहीं, झारखंड कांग्रेस महिला प्रभारी नेता डिसूजा ने कहा कि महिलाओं की भूमिका चुनाव में भी काफी महत्वपूर्ण रही थी और उसके बाद सत्ता में आने के बाद हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. सरकार के द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं के साथ-साथ कमियों को सरकार तक पहुंचाने की प्राथमिकता हमारी रहेगी. इसी को लेकर राज्य भर के तमाम जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की आज एक अहम बैठक बुलाई गई. जिसमें सभी को सदस्यता अभियान के साथ-साथ जनता तक पहुंचने का टास्क दिया गया है.

इधर, महिला प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा यहां महिलाओं की भागीदारी और बढ़े इसके लिए लगातार काम कर रहे हैं. सरकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं को भी मिले इसके लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं और जो भी कमियां हैं उसे सरकार तक पहुंचाने की कोशिश हम सबों की रहेगी. उन्होंने कहा कि हम लोग नए सदस्यों को जोड़कर कांग्रेस को और सशक्त और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.