)
70 और 80 के दशकों में बॉलीवुड फिल्मों में काली पहाड़ी खलनायकों का पसंदीदा अड्डा हुआ करता था, जहां रंगदारी और धमकी के सीन दिखाए जाते थे. अब बिहार के जमालपुर में भी ऐसा ही मामला सामने आया है. भागलपुर के सुल्तानगंज के कुमैठा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य पवन कुमार यादव को एक धमकी भरा पत्र मिला है. इसमें 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और कहा गया है कि 30 मई तक काली पहाड़ी के पीछे पैसे न लाने पर उन्हें या उनके बेटे को गोली मार दी जाएगी. पत्र में ‘लाल सलाम’ लिखकर माफिया ने अपना नाम भी लिखा है, जो किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है.
पवन कुमार यादव को यह खत उनके मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के मासूमगंज स्थित आवास पर मिला. उन्होंने बताया कि 22 तारीख को वह अपनी बेटी की परीक्षा दिलाने भागलपुर गए थे. घर वापस लौटने पर दवा दुकान के पीछे बने उनके कमरे में दरवाजे के अंदर लिफाफा पड़ा मिला. पत्र में पवन से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है और धमकी दी गई है कि 30 मई तक पैसे लेकर काली पहाड़ी के पीछे न आने पर उन्हें या उनके बेटे को गोली मार दी जाएगी. साथ ही यह भी लिखा था कि अगर किसी को बताया या पुलिस को सूचना दी तो तुम्हें या तुम्हारे बेटे को गोली मार दी जाएगी. खत पढ़ने के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी.
धमकी भरे पत्र मिलने के बाद पवन कुमार यादव ने असरगंज थाने में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने पुलिस से इस मामले में तत्काल जांच करने और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है. पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है. पंचायत समिति सदस्य को इस तरह की धमकी मिलने से इलाके में भय और चिंता का माहौल है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!