)
Ranchi News: झारखंड पुलिस की सीआईडी ने इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों के जरिए बच्चों के 'पोर्न वीडियो' बेचने वाले एक बड़े साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. साइबर क्राइम ब्रांच ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई 4 सी) के सहयोग से यह अभियान चलाया और बोकारो से दो आरोपियों अंकित कुमार और विवेक कुमार को गिरफ्तार किया.
बच्चों के अश्लील वीडियो बेचने वाले नेटवर्क का खुलासा
सीआईडी ने बताया कि जांच के दौरान एक वेबसाइट और उससे जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म का पता चला, जिसका दुरुपयोग कर बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी. यह नेटवर्क एक डिजिटल मार्केटप्लेस की तरह काम कर रहा था और टेलीग्राम चैनलों और क्लाउड स्टोरेज के जरिए संगठित रूप से सामग्री फैलाने का काम करता था. छापेमारी में आरोपियों के डिजिटल उपकरणों से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है.
499 से लेकर 1699 रुपए तक में बेचते थे एक वीडियो
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और चैट एप के जरिए ऐसे वीडियो क्लिप शेयर कर ग्राहकों को फुसलाते थे. भुगतान मिलने पर उन्हें पूरी फाइल मुहैया कराई जाती थी. आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोग 499 से लेकर 1699 रुपए तक में एक वीडियो बेचते थे. सीआईडी के साइबर क्राइम ब्रांच का मानना है कि यह नेटवर्क काफी बड़े और संगठित तरीके से यह धंधे चला रहा था. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
विदेशों तक फैले हुए थे इसके लिंक
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि यह नेटवर्क केवल भारत तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके लिंक विदेशों तक फैले हुए थे. सीआईडी ने बताया कि नेटवर्क के ग्राहक ओमान, बांग्लादेश और यूएई जैसे देशों में भी थे. अधिकारियों ने कहा कि यह मामला बच्चों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
एक महिला की शिकायत पर मामले का हुआ खुलासा
दरअसल, यह मामला राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर एक महिला की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के दौरान पकड़ में आया. झारखंड से प्राप्त एक शिकायत में पीड़िता ने बताया था कि उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो उसकी सहमति के बिना वेबसाइट पर अपलोड की गई हैं.
इनपुट: आईएएनएस
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!