)
पटना पुलिस और बिहार एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार की देर रात दीदारगंज थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में छापेमारी की. इस कार्रवाई में पटना के कुख्यात अपराधी लाल बाबू गोप और उसके बेटे अभिषेक गोप उर्फ अजीत को गिरफ्तार किया गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल बाबू गोप अपने ससुराल में छिपा हुआ है. सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने छापेमारी की और दोनों को धर दबोचा.
गिरफ्तार लाल बाबू गोप पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, रंगदारी वसूली, जुए का संचालन और जमीन पर अवैध कब्जा जैसे कई गंभीर आरोप हैं. ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने प्रेस वार्ता में बताया कि लाल बाबू गोप लंबे समय से फरार चल रहा था और पटना के अलावा आसपास के जिलों में भी उसका आपराधिक नेटवर्क फैला हुआ था. पिता-पुत्र मिलकर अपराध का साम्राज्य चला रहे थे और कई मामलों में उनकी संलिप्तता पाई गई है.
पुलिस ने छापेमारी के दौरान दोनों के पास से भारी मात्रा में नकदी और हथियार बरामद किए हैं. इनके पास से 45 लाख 68 हजार 450 रुपये नगद, एक पिस्टल और 35 जिंदा कारतूस मिले हैं. पुलिस का कहना है कि यह रकम अपराध से अर्जित की गई थी. बरामद रकम और हथियारों को सीज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
गिरफ्तारी के बाद दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करेगी ताकि इनके गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद कई बड़े राज सामने आएंगे. ग्रामीण एसपी ने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी और अपराध के इस नेटवर्क को खत्म किया जाएगा.
इनपुट- विक्रांत कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!