)
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में 22 जून को हुई अंजनी सिंह की हत्या का पटना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि इस हत्या की साजिश जेल के भीतर से रची गई थी. इसके लिए 7 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. पुलिस ने मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो की तलाश अभी जारी है.
जांच में सामने आया कि अंजनी सिंह अपने ही चचेरे भाई अवधेश सिंह हत्याकांड में मुख्य गवाह था. उसकी गवाही के आधार पर आरोपी शशि भूषण सिंह को सजा होने वाली थी. इसी डर से शशि भूषण और उसके बेटे गौरव भारती उर्फ सन्नी सिंह ने हत्या की योजना बनाई. गौरव ने शूटर अवधेश साव उर्फ विदेशीय को 7 लाख रुपये की सुपारी दी, जिसमें से 2.5 लाख रुपये पहले ही शूटर को दे दिए गए थे.
हत्या के पीछे जमीन विवाद को भी अहम वजह माना जा रहा है. बताया गया कि 54 कट्ठा जमीन पर कब्जे के मुद्दे पर अंजनी सिंह ने शशि भूषण के सौतेले भाई पंकज सिंह का साथ दिया था. इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने हत्या की साजिश को अंजाम दिया.
पुलिस ने इस मामले में शशि भूषण सिंह, उसका बेटा गौरव भारती उर्फ सन्नी सिंह, रौशन कुमार उर्फ कन्हैया, विशाल कुमार उर्फ रंगा और राज कुमार उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड फोन और एक टाटा हैरियर गाड़ी जब्त की गई है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
इनपुट - प्रकाश सिन्हा
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!