)
RJD Leader Murder: बिहार की राजधानी में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीती शाम को बेखौफ अपराधियों ने राजद नेता और जमीन कारोबारी राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी. बदमाशों ने राजकुमार राय को दौड़कर 6 गोलियां मारीं. जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए. अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज ऑफ कॉमर्स के पास रोड नंबर 17 की है. इस वारदात ने एक बार फिर से प्रदेश की कानून-व्यवस्था को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है. सरेराह इस मर्डर कांड से पब्लिक में दहशत और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है.
घटना के बाद लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वहीं घटना की सूचना मिलते ही चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पूर्वी एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने मौके से तीन खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. फिलहाल, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक राजकुमार राय मूल रूप से वैशाली जिले के राघोपुर के रहने वाले थे और राजद पार्टी से वैशाली जिला के अध्यक्ष थे. इसके अलावा वह जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे. बताया जा रहा है कि वे इस बार राघोपुर विधानसभा सीट से तेजस्वी यादव के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का मन बना रहे थे. पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे जमीनी विवाद या राजनीतिक रंजिश हो सकती है. फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की गहराई से जांच की जाएगी.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!