)
दरभंगा में यूट्यूबर की पिटाई को लेकर विवाद बढ़ गया है. नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि उनकी हत्या की योजना बनाई गई थी और इसके लिए वहां बड़ा पत्थर तक लाया गया था. मिश्रा ने सीधे तौर पर अपने राजनीतिक प्रतिद्वंदी और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मस्कुर अहमद उस्मानी पर इस साजिश से जुड़े होने का आरोप लगाया.
मंत्री ने दावा किया कि घटना की शुरुआत तब हुई जब उनके पीछे चल रही गाड़ी पर यूट्यूबर ने हमला किया. इसके बाद विवाद बढ़ा और हालात बिगड़े. उन्होंने कहा कि घटना को लेकर उनकी कोई व्यक्तिगत भूमिका नहीं है. साथ ही सवाल उठाया कि जिस सड़क को लेकर यूट्यूबर सवाल कर रहा था, उसका टेंडर पहले ही हो चुका है. सड़क निर्माण में देरी की जिम्मेदारी कांग्रेस नेता पर है, जिन्हें टेंडर दिया गया है. मंत्री ने कहा कि चुनाव को देखते हुए जानबूझकर सड़क निर्माण में देरी की जा रही है.
जीवेश मिश्रा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस थाने पर दबाव डालकर प्राथमिकी दर्ज करवाई है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी चुनावी फायदे के लिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. मंत्री ने यहां तक कहा कि इस मामले में वे तेजस्वी यादव को कानूनी नोटिस भी भेजेंगे.
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि जीवेश मिश्रा नकली दवा बनाने के मामले में पहले ही अदालत से सजा पा चुके हैं. इस पर मंत्री ने कहा कि यह पूरी तरह गलत है. मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और फैसला आना बाकी है. इस मुद्दे पर भी उन्होंने कानूनी नोटिस भेजने की बात कही.
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दरभंगा पहुंचे और जख्मी यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी से मुलाकात की. उन्होंने इस पूरे मामले को शर्मनाक बताया. तेजस्वी ने कहा कि अगर मंत्री को तुरंत हिरासत में नहीं लिया गया तो दरभंगा में चक्का जाम होगा. उन्होंने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि बिहार की पुलिस कानून से नहीं, बल्कि मंत्री और सरकार के आदेश से चलती है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि मंत्री जीवेश मिश्रा पत्रकारों से बदसलूकी करने के लिए बदनाम हैं. पहले भी वे कई बार भड़क चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सुशासन सरकार नहीं बल्कि सत्ता के नशे में चूर सरकार है. तेजस्वी ने कहा कि आम लोगों की मां-बहन का अपमान किया जाता है और सरकार खामोश रहती है.
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि राजस्थान की अदालत ने मंत्री जीवेश मिश्रा को नकली दवा बेचने के मामले में दोषी करार दिया था. इसके बावजूद वे आज मंत्री पद पर बैठे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों को सरकार में मंत्री बनाए रखना उचित है.
तेजस्वी यादव खुद पीड़ित यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी को लेकर सिंहवाड़ा थाने पहुंचे. उन्होंने वहीं पर मंत्री जीवेश मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. तेजस्वी ने कहा कि अगर वे खुद यहां नहीं आते तो केस दर्ज भी नहीं होता. उन्होंने दरभंगा एसएसपी से मांग की कि इस पूरे मामले की सही तरीके से जांच की जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो.
जानकारी के मुताबिक, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब मंत्री सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रामपट्टी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. उसी दौरान यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी ने उनसे इलाके की खराब सड़क को लेकर सवाल किया. इस सवाल पर मंत्री भड़क गए और यूट्यूबर के साथ धक्का-मुक्की की. आरोप है कि पिटाई के दौरान यूट्यूबर के कपड़े फट गए और चेहरे से खून तक निकल आया.
इस मामले में कमतौल डीएसपी सुरेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन मिला है. मंत्री के बॉडीगार्ड की ओर से भी आवेदन दिया गया है और यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी की ओर से भी. पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इनपुट- मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!