चेतन भगत पर एक करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा
Advertisement

चेतन भगत पर एक करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा

पूर्व प्रिंसली स्टेट डुमरांव राजघराना के युवराज चंद्र विजय सिंह ने मशहूर लेखक चेतन भगत की पुस्तक ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ में उनके बारे में वर्णित अपमानजनक संदर्भ को लेकर लेखक के खिलाफ एक करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

पटना : पूर्व प्रिंसली स्टेट डुमरांव राजघराना के युवराज चंद्र विजय सिंह ने मशहूर लेखक चेतन भगत की पुस्तक ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ में उनके बारे में वर्णित अपमानजनक संदर्भ को लेकर लेखक के खिलाफ एक करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

चेतन के खिलाफ उक्त मुकदमा नयी दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर किया गया है। इसमें चेतन और उनकी पुस्तक ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ के मुद्रक रूपा पब्लिकेशन को आगामी एक मई को अदालत के समक्ष स्वयं या अपने वकील के जरिए पेश होने को कहा गया है। सिंह ने बताया कि उनके परिवार के बारे में उक्त किताब में वर्णित अपमानजनक संदर्भ पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि इससे उनके परिवार की जो बदनामी हुई है उसकी भरपाई नहीं हो सकती इसलिए हमने मानहानि के तौर पर एक सांकेतिक राशि एक करोड़ रूपये निर्धारित की है।

सिंह ने कहा कि उक्त पुस्तक के कारण उनके अपमान का विरोध डुमरांव की जनता ने भी किया है। डुमरावं राजघराना के युवराज ने कहा कि उन्होंने अदालत से यह भी आग्रह किया है कि एक आयुक्त या विशेष अधिकारी के जरिए उक्त पुस्तक की कितनी प्रतियां बेची गयी हैं और उसे भारत और विदेशों में उसकी बिक्री को बढावा देने के लिए कितनी राशि खर्च की गयी है की जांच करायी जाए। डुमरांव राजघराना के युवराज चंद्र विजय सिंह :67: महाराजा कमल बहादुर सिंह (89) के बड़े पुत्र हैं। महाराज देश की प्रथम दो लोकसभा के सदस्य भी रहे। युवराज ने बताया कि उनका परिवार इस मामले में नयी दिल्ली के वकील गौरव घोष की सेवा ले रहा है। उन्होंने बताया कि मानहानि के मुकदमे की भनक लगने पर भगत ने चतुरायी के साथ ‘हाफ गर्लफेंड्र’ के हिंदी संस्करण में डुमरांव का नाम बदलकर सिमरांव कर दिया है।

‘हाफ गर्लफ्रेंड’ एक गांव के लड़के, जिसे युवराज या डुमरांव राजघराना के उत्तराधिकारी के तौर पर पेश किया गया है, और एक शहरी लड़की की प्रेमकथा है। अपने परिवाद पत्र में सिंह ने अदालत को बताया है कि ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ पुस्तक में हमें जुआरी और शराबी के रूप में रेखांकित किया गया है जो हमारा अपमान है।